LIVE --
🌤 Loading...
LIVE

लखनऊ छावनी को मॉडल छावनी बनाने की तैयारी, 100.92 करोड़ की 12 परियोजनाओं का होगा शिलान्यास और उद्घाटन

लखनऊ छावनी को मॉडल छावनी बनाने की तैयारी, 100.92 करोड़ की 12 परियोजनाओं का होगा शिलान्यास और उद्घाटन

WhatsApp Image 2026 08 27 at 6.44.57 PM 1 40kb
Spread the love

लखनऊ, 27 अगस्त 2026। लखनऊ छावनी को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर मॉडल छावनी के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में आगामी 30 अगस्त को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह छावनी परिषद लखनऊ की जनकल्याण और जनसुविधाओं से जुड़ी 12 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं पर कुल करीब 100.92 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद लखनऊ छावनी क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। प्रस्तावित कार्यों में जलापूर्ति पाइपलाइन का पुनरोद्धार, ट्यूबवेल, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, मल्टी लेवल कार पार्किंग, शवदाह स्थल, लिगेसी अपशिष्ट प्रबंधन, एकता बाजार, अभ्युदय डिस्पेंसरी और विशेष बच्चों के स्कूल जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।

विकास परियोजनाओं की जानकारी साझा करने के लिए 27 अगस्त को रक्षा सम्पदा प्रधान निदेशक, मध्य कमान के कार्यालय में प्रेस कान्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रधान निदेशक रक्षा सम्पदा, मध्य कमान श्रीमती भावना सिंह ने पत्रकारों को बताया कि 30 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, समाज कल्याण मंत्री और महानिदेशक रक्षा सम्पदा भी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य छावनी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को बेहतर और आधुनिक जनसुविधाएं उपलब्ध कराना है।

WhatsApp Image 2026 08 27 at 6.44.59 PM 1

प्रेस कान्फ्रेंस में छावनी परिषद लखनऊ के सीईओ अभिषेक राठौड़ ने परियोजनाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने प्रत्येक परियोजना की अनुमानित लागत, कार्य पूरा होने की समयसीमा और फंडिंग के स्रोतों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से छावनी क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

छावनी परिषद के मनोनीत सदस्य प्रमोद शर्मा ने इन विकास कार्यों को परिषद के इतिहास में महत्वपूर्ण और अभूतपूर्व पहल बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि परियोजनाओं के पूरा होने से छावनी क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों को लंबे समय तक बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

इस दौरान निदेशक पुष्पेन्द्र सिंह ने मध्य प्रदेश के विभिन्न छावनी क्षेत्रों में चल रही विकास परियोजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अमृत मिशन के तहत राज्य सरकार के सहयोग से कई छावनी क्षेत्रों में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और जलापूर्ति पाइपलाइन से संबंधित परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

प्रेस कान्फ्रेंस में लखनऊ व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं सदर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सतवीर सिंह राजू भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन निदेशक पुष्पेन्द्र सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *