LIVE --
🌤 Loading...
LIVE

मेरठ मावेरिक्स का विजयी अभियान जारी, गोरखपुर लायंस को 36 रन से दी शिकस्त

मेरठ मावेरिक्स का विजयी अभियान जारी, गोरखपुर लायंस को 36 रन से दी शिकस्त

WhatsApp Image 2026 08 17 at 12.06.12 AM 40kb
Spread the love

चिकार की विस्फोटक बल्लेबाजी और त्यागी की घातक गेंदबाजी ने पलटा मुकाबला, मेरठ ने दर्ज की लगातार दूसरी जीत

लखनऊ, 16 अगस्त। यूपी टी-20 लीग सीजन-4 में मेरठ मावेरिक्स ने अपने शानदार प्रदर्शन का सिलसिला जारी रखते हुए गोरखपुर लायंस को 36 रन से मात दी। इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मेरठ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 206 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर की टीम तमाम कोशिशों के बावजूद 20 ओवर में नौ विकेट पर 170 रन ही बना सकी।

मेरठ की जीत के नायक सलामी बल्लेबाज स्वास्तिक चिकार रहे, जिन्होंने महज 45 गेंदों में 82 रन की आक्रामक पारी खेली। चिकार ने अपनी पारी में नौ चौके और चार छक्के लगाए। उन्होंने ऋतुराज शर्मा के साथ मिलकर मेरठ को तेज शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआती ओवरों में गोरखपुर के गेंदबाजों पर दबाव बनाया और पावरप्ले समाप्त होने तक टीम का स्कोर 69 रन पहुंचा दिया। ऋतुराज ने 30 गेंदों पर 44 रन बनाए।

चिकार ने इसके बाद भी अपना आक्रामक अंदाज जारी रखा और 29 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। अक्षय दुबे के साथ उनकी 62 रन की साझेदारी ने मेरठ को बड़े स्कोर की ओर बढ़ाया। इस पारी के दौरान चिकार ने यूपी टी-20 लीग में 100 छक्के पूरे कर एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह लीग में यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे बल्लेबाज बने हैं।

मेरठ के 206 रन के जवाब में गोरखपुर लायंस की शुरुआत बेहद धीमी रही। 10 ओवर तक टीम पांच विकेट खोकर केवल 56 रन बना सकी। सिद्धार्थ यादव ने 40 रन की पारी खेलकर संघर्ष करने की कोशिश की और निशांत कुशवाहा के साथ 47 रन जोड़े, लेकिन यह साझेदारी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। जीशान अंसारी ने सिद्धार्थ को आउट कर गोरखपुर को बड़ा झटका दिया।

मुकाबले में उस समय रोमांच बढ़ गया जब 18वें ओवर में निशांत ठाकुर ने विशाल चौधरी के खिलाफ लगातार चार छक्के जड़ दिए। हालांकि मेरठ के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने अगले ही ओवर में शानदार वापसी करते हुए तेज यॉर्कर पर ठाकुर को बोल्ड कर दिया। त्यागी ने चार ओवर में महज 18 रन देकर दो विकेट लिए और गोरखपुर की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। गोरखपुर की टीम 170 रन तक ही पहुंच सकी।

मेरठ की इस जीत के साथ मुकाबले में कई रिकॉर्ड भी बने। टीम ने इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा 206 रन का स्कोर बनाया। मेरठ पहले बल्लेबाजी करते हुए जीत दर्ज करने वाली सीजन की पहली टीम बनी। वहीं कार्तिक त्यागी ने 149 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डालकर सीजन की सबसे तेज गेंद का रिकॉर्ड भी बनाया। अंतिम गेंद पर कप्तान रिंकू सिंह के शानदार कैच ने मेरठ की जीत को यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *