LIVE --
🌤 Loading...
LIVE

यूपी टी20 2026: समीर रिजवी की नाबाद 71 रन की पारी बेकार, काशी रुद्रास ने कानपुर सुपरस्टार्स को 8 विकेट से हराया

यूपी टी20 2026: समीर रिजवी की नाबाद 71 रन की पारी बेकार, काशी रुद्रास ने कानपुर सुपरस्टार्स को 8 विकेट से हराया

WhatsApp Image 2026 08 16 at 7.06.40 PM 100kb
Spread the love

लखनऊ, 16 अगस्त। डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्रास ने यूपी टी20 लीग सीजन-4 में शानदार वापसी करते हुए कानपुर सुपरस्टार्स को आठ विकेट से हरा दिया। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के चौथे मुकाबले में काशी रुद्रास ने 164 रन के लक्ष्य को महज 18.1 ओवर में हासिल कर लिया। यह मौजूदा सीजन में अब तक का सबसे सफल रन चेज रहा।

WhatsApp Image 2026 08 16 at 7.06.41 PM

मुकाबले से पहले विशेष अतिथि डॉ. सुहास लालिनाकेरे यथिराज (डॉ. सुहास एल.वाई.) ने आधिकारिक टॉस कराया। उत्तर प्रदेश कैडर के 2007 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. सुहास वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव हैं। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर के पैरा-बैडमिंटन चैंपियन, 2021 अर्जुन पुरस्कार विजेता और एशियन पैरा गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता भी हैं। इस अवसर पर यूपी टी20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर और गवर्निंग काउंसिल सदस्य संजीव कुमार सिंह ने उन्हें सम्मानित करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट किया।

टॉस जीतकर काशी रुद्रास के कप्तान करण शर्मा ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी के लिए अनुकूल परिस्थितियों का कानपुर सुपरस्टार्स ने भरपूर फायदा उठाया और निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट पर 163 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। यह इस सीजन में अब तक किसी टीम का सबसे बड़ा स्कोर रहा।

कानपुर की पारी की सबसे बड़ी खासियत कप्तान समीर रिजवी की शानदार बल्लेबाजी रही। रिजवी ने कप्तानी पारी खेलते हुए महज 47 गेंदों में नाबाद 71 रन बनाए। उनकी पारी में आठ चौके और दो शानदार छक्के शामिल रहे। उन्हें दूसरे छोर से बल्लेबाजों का उपयोगी साथ मिला।

WhatsApp Image 2026 08 16 at 7.06.39 PM 1 WhatsApp Image 2026 08 16 at 7.06.40 PM 1

164 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी काशी रुद्रास की शुरुआत थोड़ी धीमी रही और तीसरे ओवर में उसे पहला झटका लगा। तेज गेंदबाज विनीत पंवार ने सलामी बल्लेबाज उवैश अहमद को आउट किया। उनका शानदार कैच कानपुर के कप्तान समीर रिजवी ने लपका।

इसके बाद कप्तान करण शर्मा ने अभिषेक गोस्वामी के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने पावरप्ले के बाद रन गति बढ़ानी शुरू की और 13वें ओवर तक शतकीय साझेदारी पूरी कर ली। इसके बाद दोनों ने कानपुर के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा।

अभिषेक गोस्वामी को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 52 गेंदों में नाबाद 76 रन बनाए। वहीं कप्तान करण शर्मा ने 44 गेंदों में 67 रन की आक्रामक पारी खेली। दोनों के बीच 84 गेंदों में हुई 135 रन की साझेदारी ने मैच का रुख पूरी तरह काशी रुद्रास के पक्ष में कर दिया।

प्लेयर ऑफ द मैच अभिषेक गोस्वामी ने कहा कि वह हर गेंद को ध्यान में रखकर बल्लेबाजी करते हैं और पहले से कोई तय योजना नहीं बनाते। उन्होंने बताया कि कप्तान करण शर्मा के साथ वह बचपन से क्रिकेट खेलते आ रहे हैं, इसलिए दोनों के बीच तालमेल और संवाद काफी बेहतर है। अभिषेक ने कहा कि शुरुआत में विकेट पर बल्लेबाजी करना थोड़ा मुश्किल था, लेकिन सतह को समझने के बाद रन बनाना आसान हो गया।

WhatsApp Image 2026 08 16 at 7.06.39 PM WhatsApp Image 2026 08 16 at 7.06.40 PM

कप्तान करण शर्मा के आउट होने के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज उपेंद्र यादव ने जीत की औपचारिकता पूरी की। उन्होंने महज सात गेंदों में नाबाद 18 रन की तूफानी पारी खेलकर काशी रुद्रास को 18.1 ओवर में आठ विकेट से जीत दिला दी।

इस जीत के साथ दो बार की चैंपियन और मौजूदा विजेता काशी रुद्रास ने सीजन-4 में अपना खाता खोल लिया है। वहीं कानपुर सुपरस्टार्स को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है और टीम अब टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत की तलाश में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *