परिसर में ‘जनजातीय शोध मंच’ की स्थापना का कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने किया ऐलान
मुख्य अतिथि सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड ने जनजातीय उत्थान की सरकारी योजनाओं पर डाला प्रकाश
सखुआ पौधरोपण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतियोगिताओं के साथ गूंजी ‘उलगुलान’ की गौरवगाथा

लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में बहराइच के लोकसभा सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन तथा बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर व भगवान बिरसा मुंडा के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। विश्वविद्यालय के कुलगीत गायन के पश्चात आयोजकों ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम संयोजक प्रो. जगमोहन थांती ने स्वागत उद्बोधन के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। मंच पर मुख्य वक्ता के रूप में मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय (मिर्जापुर) की कुलपति प्रो. शोभा गौर और काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सहायक प्रोफेसर डॉ. राम शंकर उरांव विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मंजरी राज ओरांव ने किया।

बांस अर्थव्यवस्था और बौद्धिक संपदा संरक्षण पर जोर: कुलपति
अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि साहस, पराक्रम और संघर्ष जनजातीय समुदायों की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज ने प्रकृति के साथ सामंजस्य बिठाकर संसाधनों का संरक्षण किया है। उनकी हस्तशिल्प कला, पारंपरिक ज्ञान और जैव विविधता की समझ भारत को वैश्विक स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाती है। कुलपति ने जनजातीय अर्थव्यवस्था में ‘बांस अर्थव्यवस्था’ के महत्व को रेखांकित करते हुए उनके पारंपरिक ज्ञान और विशिष्ट उत्पादों के बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR) सुरक्षित करने पर बल दिया। उन्होंने युवाओं को आधुनिक तकनीक व उद्यमिता से जोड़ने के साथ ही विश्वविद्यालय परिसर में एक ‘जनजातीय शोध मंच’ स्थापित करने की घोषणा की, जो जनजातीय समाज से जुड़े विषयों पर शोध और अकादमिक संवाद को बढ़ावा देगा।
शिक्षा और स्वरोजगार से सशक्त हो रहा आदिवासी समाज: डॉ. गोंड
मुख्य अतिथि सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड ने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने मात्र 25 वर्ष की आयु में जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अधिकारों के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। डॉ. गोंड ने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने और सतत विकास में जनजातीय जीवनशैली का बड़ा योगदान है। उन्होंने जनजातीय उत्थान के लिए केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, प्री व पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, वन धन विकास केंद्र और घुमंतू समुदायों के कल्याण बोर्ड जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए इन्हें समाज के सशक्तिकरण का आधार बताया।
शिक्षा से ही दूर होगी सामाजिक असमानता: प्रो. शोभा गौर
मुख्य वक्ता प्रो. शोभा गौर ने भारतीय संस्कृति की ‘विविधता में एकता’ की विशेषता पर प्रकाश डालते हुए स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज के योगदान को याद किया। उन्होंने मुसहर और वनटांगिया सहित अन्य वंचित समुदायों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति पर चर्चा करते हुए कहा कि उनकी सांस्कृतिक विरासत को सहेजना समय की मांग है। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिससे इन समुदायों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाकर सामाजिक असमानता को समाप्त किया जा सकता है।
नई पीढ़ी तक पहुंचे जनजातीय नायकों की गौरवगाथा: डॉ. राम शंकर उरांव
बीएचयू के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के सहायक प्रोफेसर डॉ. राम शंकर उरांव ने भगवान बिरसा मुंडा द्वारा संचालित ऐतिहासिक ‘उलगुलान आंदोलन’ पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन ब्रिटिश शासन की दमनकारी नीतियों और जनजातीय पहचान पर हो रहे हस्तक्षेप के विरुद्ध एक निर्णायक संघर्ष था। डॉ. उरांव ने बिरसा मुंडा के साथ-साथ तिलका मांझी, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो और टंट्या भील जैसे वीर योद्धाओं को याद करते हुए कहा कि इनके साहस और बलिदान की गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है।

सखुआ पौधरोपण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
आयोजन के दौरान जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में हुई पोस्टर मेकिंग एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। विद्यार्थियों ने विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति की समृद्ध झलक पेश की। इस अवसर पर परिसर में सखुआ के पौधों का रोपण भी किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, गैर-शिक्षण कर्मचारी, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

प्रशांत तिवारी पिछले 11 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह न्यूज़ नाउ नेटवर्क में लखनऊ के स्थानीय संपादक के रूप में कार्यरत हैं। राजनीति और क्राइम से जुड़ी खबरों पर लेखन करना उनकी विशेष रुचि है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी हैं।