विश्व मधुमेह दिवस पर एसजीपीजीआई में विशेष सीएमई, नवीनतम स्क्रीनिंग प्रोटोकॉल और शिशु देखभाल पर हुआ मंथन

लखनऊ, 14 नवंबर। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर शनिवार को संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में गर्भकालीन मधुमेह (जेस्टेशनल डायबिटीज मेलिटस) पर एक विशेष सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एंडोक्रिनोलॉजी और पीडियाट्रिक एंडोक्रिनोलॉजी विभागों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सत्र में गर्भावस्था के दौरान होने वाले मधुमेह की समय पर पहचान और प्रभावी प्रबंधन पर मंथन किया गया।
इस वर्ष की थीम ‘मधुमेह में शीघ्र व त्वरित कार्रवाई’ के अनुरूप विशेषज्ञों ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के लिए प्रारंभिक जांच को अनिवार्य बताया। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए संस्थान के निदेशक पद्मश्री प्रो. आर. के. धीमन ने कहा कि गर्भावस्था में मधुमेह की अनदेखी जच्चा और बच्चा दोनों के लिए गंभीर जटिलताएं पैदा कर सकती है। उन्होंने इसके लिए एकीकृत देखभाल और समय पर हस्तक्षेप की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर कार्यवाहक डीन प्रो. आदित्य कपूर और कार्यकारी कुलसचिव कर्नल वरुण बाजपेयी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और विभाग की इस पहल की सराहना की।

इस दौरान एंडोक्रिनोलॉजी विभाग के कार्यवाहक प्रमुख डॉ. रोहित ए. सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित वैज्ञानिक सत्र में विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।डॉ. स्मृतिमयी पांडा ने गर्भकालीन मधुमेह के निदान के नवीनतम मानदंडों और स्क्रीनिंग प्रोटोकॉल की विस्तार से व्याख्या की। वहीं आहार और जीवनशैली पर चर्चा करते हुए डॉ. नचिकेता परमार ने गर्भावस्था के दौरान दवाओं के साथ-साथ संतुलित आहार और जीवनशैली में बदलाव के जरिए शुगर नियंत्रित रखने के उपाय बताए। जबकि शिशु पर प्रभाव के बारे में बताते हुए डॉ. अर्चना हाज़रा ने गर्भकालीन मधुमेह से नवजात शिशु पर पड़ने वाले दीर्घकालिक जोखिमों और प्रसव के बाद बच्चे की देखभाल की रणनीतियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. श्रद्धा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. शिवेंद्र वर्मा द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर संकाय सदस्य डॉ. अंबिका टंडन, डॉ. बिभूति बी. मोहंता, डॉ. पूजा तिवारी, डॉ. प्रशांत, डॉ. लक्ष्मीप्रिया, डॉ. अर्चना के, डॉ. निरुपमा सहित रेजिडेंट डॉक्टर, शोधार्थी, मरीज और उनके परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
वॉकथॉन के साथ होगा जागरूकता अभियान का समापन
एसजीपीजीआई संस्थान में 13 से 15 नवंबर तक चल रहे तीन दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत मरीजों और तीमारदारों को आहार, व्यायाम और निरंतर ग्लूकोज निगरानी (सीजीएम) तकनीक के प्रति जागरूक किया जा रहा है। शारीरिक सक्रियता का संदेश देने के उद्देश्य से इस अभियान का समापन रविवार, 15 नवंबर को एक भव्य वॉकथॉन के साथ किया जाएगा।

प्रशांत तिवारी पिछले 11 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह न्यूज़ नाउ नेटवर्क में लखनऊ के स्थानीय संपादक के रूप में कार्यरत हैं। राजनीति और क्राइम से जुड़ी खबरों पर लेखन करना उनकी विशेष रुचि है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी हैं।