LIVE --
🌤 Loading...
LIVE

दीपावली पर यूपी-112 की इमरजेंसी सेवाओं को लेकर सख्ती, सभी जिलों को अलर्ट रहने के निर्देश

दीपावली पर यूपी-112 की इमरजेंसी सेवाओं को लेकर सख्ती, सभी जिलों को अलर्ट रहने के निर्देश

up112 hq
Spread the love

संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी PRV की सक्रियता, 5 नवंबर तक मुख्यालय को भेजना होगा नया रूट चार्ट; वाहनों की उपलब्धता पर रहेगा विशेष जोर

लखनऊ। दीपावली के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस की आपातकालीन सेवा यूपी-112 ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। त्योहार के मद्देनजर प्रदेशभर में पुलिस रिस्पांस व्हीकल (PRV) की सक्रियता बढ़ाने और त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के लिए यूपी-112 मुख्यालय ने सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

बुधवार, 4 नवंबर 2026 को पुलिस महानिदेशक यूपी-112 बिनोद कुमार सिंह ने प्रदेश के सभी जनपदीय नोडल अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की। इस दौरान उन्होंने दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता और पुलिस रिस्पांस सिस्टम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में विशेष रूप से संवेदनशील स्थानों और संभावित हॉटस्पॉट की पहचान करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पूर्व में हुई घटनाओं और विभिन्न आयोजनों का विश्लेषण कर थाना क्षेत्रवार ऐसे स्थान चिह्नित किए जाएं, जहां त्योहार के दौरान अतिरिक्त सतर्कता की जरूरत हो। इन स्थानों पर पीआरवी वाहनों की पर्याप्त तैनाती के साथ संशोधित रूट चार्ट 5 नवंबर तक मुख्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया।

डीजी यूपी-112 ने पीआरवी वाहनों की कार्यक्षमता को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कमी अथवा तकनीकी खराबी के चलते कोई भी वाहन सेवा से बाहर नहीं रहना चाहिए। सभी जनपदों में वाहनों की उपलब्धता और संचालन की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिस सहायता में देरी न हो।

इसके साथ ही आरओआईपी पर तैनात कर्मचारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, आपातकालीन घटनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग और पीआरवी कर्मियों की नियमित ब्रीफिंग व चेकिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। अधिकारियों को 16 अक्टूबर 2026 को जारी संशोधित एसओपी का अनिवार्य रूप से पालन कराने के निर्देश भी दिए गए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में डीजी बिनोद कुमार सिंह ने विभिन्न जिलों के नोडल अधिकारियों की समस्याओं और सुझावों को भी सुना। उन्होंने उनके समाधान का भरोसा दिलाते हुए कहा कि त्योहार के दौरान प्रदेशवासियों को निर्बाध और त्वरित आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी मुस्तैदी एवं समन्वय के साथ कार्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *