दीपावली पर यूपी-112 की मुस्तैदी: 2 लाख से अधिक जरूरतमंदों तक पहुंची त्वरित सहायता, महिलाओं व बुजुर्गों को मिला विशेष सुरक्षा कवच
लखनऊ। महापर्व दीपावली के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों की सुरक्षा और त्योहार की खुशियों को अक्षुण्ण रखने के लिए यूपी-112 की पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) सड़कों पर पूरी तरह मुस्तैद रही। पुलिस महानिदेशक, यूपी-112 द्वारा 4 और 5 नवंबर को तैयारियों के संबंध में दिए गए कड़े दिशा-निर्देशों का असर त्योहार के दौरान जमीन पर साफ देखने को मिला। 7 से 9 नवंबर 2026 के बीच प्रदेश भर में यूपी-112 ने तत्परता दिखाते हुए कुल 2,05,738 जरूरतमंद नागरिकों को त्वरित आपातकालीन सहायता पहुंचाई।
आमतौर पर आम दिनों में यूपी-112 को प्रतिदिन करीब 38 हजार मदद के कॉल या सूचनाएं मिलती हैं, लेकिन दीपावली के त्योहार के दौरान यह संख्या लगभग दोगुनी हो गई। आंकड़ों के मुताबिक, छोटी दीपावली यानी 7 नवंबर को 53,264 लोगों को मदद पहुंचाई गई। वहीं, दीपावली के मुख्य पर्व (8 नवंबर) को यह आंकड़ा बढ़कर 74,816 हो गया। त्योहार के अगले दिन यानी 9 नवंबर को सबसे ज्यादा 77,753 नागरिकों ने यूपी-112 की आपात सेवाओं का लाभ उठाया।
पुलिस संबंधी मामलों में सबसे ज्यादा रही सक्रियता तीन दिनों के इस त्योहारी सीजन में सबसे अधिक सहायता पुलिस से संबंधित मामलों में ली गई। त्योहार के दौरान आपसी विवाद, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी कानूनन चुनौतियों से निपटने के लिए पीआरवी ने मोर्चा संभाले रखा।
- 7 नवंबर (छोटी दीपावली): करीब 41 हजार लोगों को पुलिस सहायता दी गई।
- 8 नवंबर (दीपावली): लगभग 56 हजार नागरिकों तक पुलिस मदद पहुंची।
- 9 नवंबर (दीपावली के अगले दिन): 59 हजार से अधिक लोगों को पुलिस संबंधी मामलों में त्वरित सहायता प्रदान की गई। तीन दिनों के भीतर कुल 2 लाख 05 हजार से अधिक नागरिकों को केवल पुलिस से जुड़े मामलों में मौके पर रिस्पांस दिया गया।
मेडिकल और फायर ब्रिगेड सेवाओं ने पेश की तत्परता आतिशबाजी और त्योहार की भीड़भाड़ के बीच यूपी-112 ने स्वास्थ्य और अग्निशमन विभागों के साथ बेहतरीन समन्वय दिखाया। 7 से 9 नवंबर के बीच कुल 36,817 मामलों में एम्बुलेंस के जरिए मेडिकल सहायता पहुंचाई गई, जिससे कई गंभीर मरीजों और घायलों को समय पर इलाज मिल सका। इसके साथ ही, दीपावली पर पटाखों या अन्य कारणों से लगने वाली आग की घटनाओं पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीमों ने 7,029 इवेंट्स पर पहुंचकर आपातकालीन सहायता प्रदान की और बड़े हादसों को टाला।
‘सवेरा योजना’ से बुजुर्गों को मिला संबल उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और देखभाल के लिए चलाई जा रही ‘सवेरा योजना’ त्योहार के दिनों में बुजुर्गों के लिए वरदान साबित हुई। यूपी-112 की टीमों ने विशेष मुस्तैदी दिखाते हुए इस योजना के अंतर्गत पंजीकृत 2,018 वरिष्ठ नागरिकों से संपर्क साधा और उनकी आवश्यकता के अनुसार त्वरित सहायता तथा सुरक्षा कवच उपलब्ध कराया।
अकेली महिलाओं को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाया महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यूपी-112 की ‘एस्कॉर्ट फॉर वुमेन सेफ्टी’ सेवा त्योहारी सीजन में पूरी रात एक्टिव रही। 7 से 9 नवंबर के बीच रात 10:00 बजे से सुबह 06:00 बजे के दौरान जब कुछ अकेली महिलाओं को गंतव्य तक जाने के लिए कोई साधन नहीं मिला, तो उन्होंने 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पीआरवी टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऐसी 11 अकेली महिलाओं को सुरक्षा घेरे में लेकर उनके घर व गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाया। उत्तर प्रदेश पुलिस की इस तत्परता ने साबित कर दिया कि आपातकाल में 112 सूबे के नागरिकों का सबसे भरोसेमंद साथी है।

प्रशांत तिवारी पिछले 11 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह न्यूज़ नाउ नेटवर्क में लखनऊ के स्थानीय संपादक के रूप में कार्यरत हैं। राजनीति और क्राइम से जुड़ी खबरों पर लेखन करना उनकी विशेष रुचि है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी हैं।