रफ्तार और सुरक्षा को मिलेगी मजबूती: चारबाग वंदे भारत शेड में शुरू हुआ कोच मरम्मत का काम
आधुनिक होगा रेलवे का ढांचा: वंदे भारत के मेंटेनेंस शेड में सिक लाइन चालू, ट्रेनिंग सेंटर का होगा कायाकल्प
लखनऊ। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में यात्री सुविधाओं और रेल कर्मचारियों के प्रशिक्षण को आधुनिक बनाने की कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) सुनील कुमार वर्मा ने शनिवार को आलमनगर स्थित प्रशिक्षण केंद्र और चारबाग के वंदे भारत मेंटेनेंस शेड का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान नवनिर्मित वंदे भारत शेड की ‘सिक लाइन’ का विधिवत शुभारंभ भी किया गया।

आलमनगर प्रशिक्षण केंद्र का होगा कायाकल्प
निरीक्षण की शुरुआत में डीआरएम सुनील कुमार वर्मा आलमनगर स्थित रेलवे प्रशिक्षण केंद्र पहुंचे। उन्होंने परिसर और इमारत की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। पुराने भवन की हालत को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को इसके तत्काल नवीनीकरण और आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। डीआरएम ने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण केंद्र को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर सुव्यवस्थित बनाया जाए, ताकि रेल कर्मचारियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का माहौल मिल सके।

चारबाग में वंदे भारत शेड की सिक लाइन चालू
आलमनगर के बाद डीआरएम ने चारबाग स्थित वंदे भारत मेंटेनेंस शेड का रुख किया। यहां उन्होंने शेड में मौजूद तकनीकी व्यवस्थाओं और रखरखाव से जुड़ी सुविधाओं की समीक्षा की। दौरे का मुख्य आकर्षण नवनिर्मित वंदे भारत शेड की ‘सिक लाइन’ का चालू होना रहा। इस अवसर पर एक कोच का मरम्मत कार्य शुरू कर इसका विधिवत संचालन आरंभ किया गया।
डीआरएम ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि वंदे भारत एक्सप्रेस के कोचों का नियमित रखरखाव और अनुरक्षण पूरी तरह से निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए, ताकि ट्रेनों के सुरक्षित और समयबद्ध संचालन में कोई बाधा न आए। इस मौके पर वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कैरिज एंड वैगन) फणीन्द्र कुमार सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रशांत तिवारी पिछले 11 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह न्यूज़ नाउ नेटवर्क में लखनऊ के स्थानीय संपादक के रूप में कार्यरत हैं। राजनीति और क्राइम से जुड़ी खबरों पर लेखन करना उनकी विशेष रुचि है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी हैं।