एजीएम में नई कार्यकारिणी का गठन, चार नए जिलों के जुड़ने से संख्या हुई 51, राजधानी के एके रायजादा सचिव और राजेश कुमार साही उपाध्यक्ष निर्वाचित
खेल, कानपुर/लखनऊ। उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन (यूपीसीएसए) की वार्षिक आम सभा (एजीएम) में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। इसमें कानपुर के अनूप जैन को एसोसिएशन का नया अध्यक्ष चुना गया, जबकि राजधानी लखनऊ के एके रायजादा को सचिव और राजेश कुमार साही को उपाध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रविवार को कानपुर स्थित केडीएमए वर्ल्ड स्कूल में आयोजित इस वार्षिक बैठक में प्रदेश के 35 जिलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। नई कार्यकारिणी में राजधानी के राजेश कुमार साही के साथ-साथ वाराणसी के दीपक बजाज और कानपुर देहात के अरविंद सिंह को उपाध्यक्ष बनाया गया है। कोषाध्यक्ष पद पर विनय आनंद समेत चारों सहायक सचिवों और अन्य सदस्यों को उनके पूर्व पदों पर पुनः चुना गया। इसके अलावा गाजियाबाद के सुरेंद्र कुमार और कानपुर के अभिषेक तिवारी को कार्यकारिणी में नए सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
चार नए जिलों को मिली संबद्धता
समारोह में बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुए ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष एवं फिडे जोन 3.7 के अध्यक्ष डॉ. संजय कपूर ने एसोसिएशन के विस्तार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कानपुर देहात, अंबेडकर नगर, फर्रुखाबाद और औरैया को एसोसिएशन से जोड़ा गया है। इन चार नए जिलों के शामिल होने के बाद अब प्रदेश में संबद्ध जिलों की कुल संख्या बढ़कर 51 हो गई है।
वाराणसी में राष्ट्रीय और कानपुर में ग्रैंडमास्टर चैंपियनशिप
डॉ. संजय कपूर ने आगामी बड़े आयोजनों की घोषणा करते हुए बताया कि 29 नवंबर से 9 दिसंबर तक वाराणसी में ऑल इंडिया ओपन नेशनल चेस चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। कुल 30 लाख रुपये की इनामी राशि वाली इस प्रतियोगिता में देश के शीर्ष शतरंज खिलाड़ियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। इसके साथ ही अगले वर्ष जून-जुलाई में कानपुर में प्रदेश की पहली ग्रैंडमास्टर चैंपियनशिप की मेजबानी भी की जाएगी।
पांच जोन में चलेगा ‘चेस इन स्कूल’ कार्यक्रम
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनूप जैन ने स्कूली स्तर पर शतरंज को प्रोत्साहित करने के लिए ‘चेस इन स्कूल’ कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने का संकल्प दोहराया। इस अभियान के सफल संचालन के लिए पूरे प्रदेश को पांच जोन में बांटा गया है और सहायक सचिव अतुल कुमार निगम को इसका कन्वीनियर नियुक्त किया गया है। अनूप जैन ने बताया कि जमीनी स्तर पर खेल को पहुंचाने के लिए पिछले वर्ष ग्रामीण स्कूलों में तीन हजार से अधिक शतरंज बोर्ड वितरित किए गए थे।
बैठक में मौजूद कानपुर के ग्रैंडमास्टर दिनेश शर्मा ने प्रदेश में शतरंज के विस्तार के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी निभाने पर सहमति जताई। इस अवसर पर कानपुर चेस एसोसिएशन के सचिव दिलीप श्रीवास्तव, संजय तिवारी, दिनेश कटियार और सुशील वाधवानी सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

प्रशांत तिवारी पिछले 11 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह न्यूज़ नाउ नेटवर्क में लखनऊ के स्थानीय संपादक के रूप में कार्यरत हैं। राजनीति और क्राइम से जुड़ी खबरों पर लेखन करना उनकी विशेष रुचि है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी हैं।