लखनऊ/गोंडा। छठ पर्व पर विशेष ट्रेनों के सुरक्षित संचालन और यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के डीआरएम गौरव अग्रवाल ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ लखनऊ-गोंडा रेलखंड का ‘विंडो ट्रेलिंग’ और गोंडा स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या-6 के सुधार कार्यों, यार्ड के पॉइंट संख्या 321A की संरक्षा, स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, खानपान स्टॉल, वॉटर वेंडिंग मशीन और पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही डीआरएम ने गोंडा रेलवे अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और रेलवे कॉलोनी में आवासों के मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस मौके पर मंडल के वरिष्ठ शाखाधिकारी, स्टेशन अधीक्षक व रेल कर्मचारी मौजूद रहे।