लखनऊ/गोंडा। छठ पर्व पर विशेष ट्रेनों के सुरक्षित संचालन और यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के डीआरएम गौरव अग्रवाल ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ लखनऊ-गोंडा रेलखंड का ‘विंडो ट्रेलिंग’ और गोंडा स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या-6 के सुधार कार्यों, यार्ड के पॉइंट संख्या 321A की संरक्षा, स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, खानपान स्टॉल, वॉटर वेंडिंग मशीन और पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही डीआरएम ने गोंडा रेलवे अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और रेलवे कॉलोनी में आवासों के मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस मौके पर मंडल के वरिष्ठ शाखाधिकारी, स्टेशन अधीक्षक व रेल कर्मचारी मौजूद रहे।
Tag: Lucknow
आधुनिक तकनीक से जुड़ेगी भारतीय ज्ञान परंपरा, उपनिषदों का होगा डिजिटलीकरण
लखनऊ स्थित बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में कुलपति आचार्य राज कुमार मित्तल की अध्यक्षता और डॉ. बिपिन कुमार झा के समन्वय में भारतीय ज्ञान परंपरा व संस्कृत को आधुनिक तकनीक से जोड़ने वाली तीन राष्ट्रीय शोध परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस हाइब्रिड मंथन में देश के सात प्रतिष्ठित संस्थानों (जैसे जेएनयू और लखनऊ विश्वविद्यालय) के विशेषज्ञों ने सीएसटीटी (CSTT) द्वारा प्रायोजित त्रिभाषी वैज्ञानिक शब्दावली निर्माण, यूजीसी (UGC) के तहत ‘स्वयं’ पोर्टल के लिए संस्कृत-अंग्रेजी में तैयार सौन्दर्यशास्त्र के 40 ई-मॉड्यूल, और केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय (CSU) के सहयोग से उपनिषदों के डिजिटलीकरण व प्राचीन शिक्षण प्रविधियों के आधुनिक उपयोग की प्रगति पर विस्तार से चर्चा कर इन परियोजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने के सुझाव दिए।