लखनऊ–अयोध्या–कटरा रेलखंड का सघन निरीक्षण; समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य के दिए सख्त निर्देश

अयोध्या/लखनऊ। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) सुनील कुमार वर्मा ने गुरुवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लखनऊ–अयोध्या–कटरा रेलखंड का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल ट्रैक की सुरक्षा से लेकर अयोध्या धाम और अयोध्या कैंट स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की हकीकत परखी। डीआरएम ने अधिकारियों को दो-टूक निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

ट्रैक सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था का लिया जायजा
निरीक्षण की शुरुआत में डीआरएम ने अयोध्या कैंट स्टेशन से पहले स्थित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के नीचे से गुजरने वाली रेल लाइनों और पटरियों की तकनीकी स्थिति देखी। इसके बाद वे कटरा रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने स्टेशन मास्टर कक्ष में ट्रेनों के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन की व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से परिचालन संबंधी बारीकियों की जानकारी भी ली।

अयोध्या धाम में परखी स्वच्छता और यात्री सुविधाएं
कटरा के पश्चात डीआरएम ने अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन परिसर का विस्तृत दौरा किया। यहां उन्होंने प्रसाधन कक्षों (वॉशरूम), पार्किंग स्थल, यात्री होल्डिंग एरिया और प्रतीक्षालय का निरीक्षण कर साफ-सफाई व रखरखाव की स्थिति जांची। साथ ही, स्टेशन परिसर में यात्रियों के सुगम आवागमन की व्यवस्थाओं और चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

अयोध्या कैंट में निर्माणाधीन प्रोजेक्ट्स में तेजी लाने के निर्देश
निरीक्षण के अंतिम चरण में डीआरएम अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने निर्माणाधीन नई वाशिंग लाइन, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और कोचिंग कॉम्प्लेक्स के कार्यों की प्रगति जानी। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्टेशनों पर स्वच्छता और यात्री सुविधाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) समर्थ गुप्ता, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सीनियर डीओएम) रजनीश श्रीवास्तव सहित मंडल के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रशांत तिवारी पिछले 11 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह न्यूज़ नाउ नेटवर्क में लखनऊ के स्थानीय संपादक के रूप में कार्यरत हैं। राजनीति और क्राइम से जुड़ी खबरों पर लेखन करना उनकी विशेष रुचि है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी हैं।