उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में धूमधाम से मना जनजातीय गौरव दिवस
151वीं जयंती पर नमन, निबंध और स्लोगन के विजेताओं को मिला सम्मान

लखनऊ। महान स्वतंत्रता सेनानी और जननायक भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय के सभागार में आयोजित इस मुख्य समारोह में रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने ‘धरती आबा’ के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके अदम्य साहस और बलिदान को नमन किया।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस और सामाजिक चेतना की मिसाल है। उन्होंने जनजातीय समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और उत्थान के लिए जो ऐतिहासिक संघर्ष किया, वह आज भी हर देशवासी के लिए प्रेरणास्रोत है। डीआरएम ने जोर देकर कहा कि जनजातीय गौरव दिवस हमें अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और सम्मान का संदेश देता है। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) नीलिमा सिंह, शूरवीर सिंह चौहान, विभिन्न रेल यूनियनों के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में रेलकर्मी मौजूद रहे।
प्रतिभाशाली रेलकर्मियों का बढ़ाया मान
समारोह के दौरान पखवाड़े के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रेलकर्मियों को डीआरएम ने प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया।

स्लोगन लेखन में दिखी रचनात्मकता
छह नवंबर को हुई प्रतियोगिता में कार्मिक विभाग के कनिष्ठ लिपिक पारुल कान्दू ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजभाषा विभाग की अनुवादक हिमांशु शर्मा दूसरे और कार्मिक विभाग की कार्यालय अधीक्षक ललिता श्रीवास्तव तीसरे स्थान पर रहीं।
निबंध में शुभम अव्वल
12 नवंबर को आयोजित निबंध प्रतियोगिता में यांत्रिक विभाग के कार्यालय अधीक्षक शुभम त्यागी ने प्रथम स्थान हासिल किया। परिचालन विभाग की कार्यालय अधीक्षक सोने लाल द्वितीय तथा कार्मिक विभाग के कनिष्ठ लिपिक पारुल कान्दू तृतीय स्थान पर रहे।

प्रशांत तिवारी पिछले 11 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह न्यूज़ नाउ नेटवर्क में लखनऊ के स्थानीय संपादक के रूप में कार्यरत हैं। राजनीति और क्राइम से जुड़ी खबरों पर लेखन करना उनकी विशेष रुचि है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी हैं।