एनईआर जीएम ने परखी ऐशबाग व बादशाहनगर स्टेशनों की संरक्षा
लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने शनिवार को डीआरएम गौरव अग्रवाल के साथ ऐशबाग जंक्शन और बादशाहनगर स्टेशनों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ऐशबाग की मेन लाइन पर रेलपथ का टो-लोड परीक्षण करने के साथ ही पैनल कक्ष, रिले कक्ष व फायर अलार्म प्रणाली की जांच कर संरक्षा मानकों का जायजा लिया। इसके अलावा, उन्होंने बादशाहनगर की चिकित्सा परिचारिका सलमा सबी खाँ के हाथों नवीनीकृत रेलवे मनोरंजन केंद्र का उद्घाटन कराया, जहां 25 मेधावी आश्रित बच्चों को छात्रवृत्ति के चेक और 57 महिला रेलकर्मियों को सम्मानित किया गया। अंत में जीएम ने बंदरियाबाग के संस्कृति क्लब और बादशाहनगर स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।