यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई और संरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रेलवे अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता और कॉलोनी के मरम्मत कार्यों की भी की समीक्षा
लखनऊ / गोंडा। छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ और विशेष ट्रेनों के सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में गुरुवार को पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) गौरव अग्रवाल ने वरिष्ठ शाखाधिकारियों के साथ लखनऊ-गोंडा रेलखंड का ‘विंडो ट्रेलिंग’ निरीक्षण किया और गोंडा रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

प्लेटफॉर्म और यार्ड की संरक्षा पर खास नजर
निरीक्षण की शुरुआत करते हुए डीआरएम ने सबसे पहले गोंडा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-6 पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं और वहां चल रहे सुधार कार्यों को परखा। इसके पश्चात उन्होंने गोंडा यार्ड पहुंचकर पॉइंट संख्या 321A का गहन संरक्षा निरीक्षण किया, ताकि ट्रेनों के आवागमन में किसी भी प्रकार की तकनीकी बाधा न आए।

खानपान, पेयजल और सफाई व्यवस्था की जांच
छठ यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए डीआरएम ने स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया और प्लेटफॉर्मों की साफ-सफाई का व्यापक जायजा लिया। उन्होंने खानपान स्टॉलों पर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, वॉटर वेंडिंग मशीनों की कार्यप्रणाली, पेयजल की उपलब्धता और आईपीएस कक्ष का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अस्पताल और रेल आवासों का भी किया अवलोकन
स्टेशन के बाद डीआरएम ने गोंडा रेलवे अस्पताल का दौरा कर चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली और अस्पताल में सभी आवश्यक दवाओं की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने गोंडा रेलवे कॉलोनी में रेल कर्मियों के आवासों में चल रहे मरम्मत कार्यों की प्रगति देखी और कार्य में तेजी लाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय), वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (समन्वय), वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी, सहायक मंडल इंजीनियर (गोंडा/पूर्व) और स्टेशन अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ पर्यवेक्षक व रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रशांत तिवारी पिछले 11 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह न्यूज़ नाउ नेटवर्क में लखनऊ के स्थानीय संपादक के रूप में कार्यरत हैं। राजनीति और क्राइम से जुड़ी खबरों पर लेखन करना उनकी विशेष रुचि है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी हैं।