सैयद मोदी बैडमिंटन: तुषार-तान्या का उलटफेर, प्रणय बाहर; गायत्री-त्रिशा का विजयी आगाज

लखनऊ, खेल डेस्क। गोमतीनगर स्थित बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में बुधवार को शुरू हुई ‘सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300’ बैडमिंटन चैंपियनशिप के पहले दिन भारत को मिली-जुली सफलता मिली। पुरुष एकल में तुषार सुवीर ने पांचवीं वरीय मलेशिया के जस्टिन होह को 21-11, 21-17 से और महिला एकल में तान्या हेमनाथ ने सातवीं वरीय देविका सिहाग को 21-14, 18-21, 21-16 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। हालांकि, तीसरी वरीय एचएस प्रणय चीनी ताइपे के झी यिंग यू से 21-19, 21-17 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए। दूसरी ओर, महिला युगल की गत विजेता गायत्री गोपीचंद और त्रिशा जॉली ने रश्मि-अमृता को 21-8, 21-7 से रौंदकर शानदार शुरुआत की। महिला एकल में उन्नति हुड्डा और तन्वी शर्मा तथा मिश्रित युगल में शीर्ष वरीय ध्रुव कपिला और तनीषा क्रेस्टो की जोड़ी ने भी जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया, जबकि यूपी की मानसी सिंह को हार झेलनी पड़ी।