LIVE --
🌤 Loading...
LIVE

गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय अंतिम आठ में

गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय अंतिम आठ में

image eecdb186
Spread the love

IMG 20261126 WA0029

सैयद मोदी बैडमिंटन: मिश्रित युगल में शीर्ष वरीय ध्रुव-तनीषा और पुरुष एकल में जेसन तेह उलटफेर का शिकार

IMG 20261126 WA0033

लखनऊ, खेल। गत चैंपियन और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। गोमतीनगर स्थित योनेक्स-सनराइज बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में आयोजित 2.50 लाख अमेरिकी डॉलर इनामी राशि वाली इस प्रतियोगिता में गुरुवार को महिला एकल में चार भारतीय खिलाड़ियों ने अंतिम आठ में जगह बनाई। हालांकि, मिश्रित युगल में शीर्ष वरीय ध्रुव कपिला व तनीषा क्रैस्टो और पुरुष एकल में टॉप सीड सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह को उलटफेर का शिकार होकर बाहर होना पड़ा।

IMG 20261126 WA0031

महिला एकल वर्ग में भारतीय शटलरों का दबदबा देखने को मिला। तीसरी वरीय उन्नति हुड्डा ने अमेरिका की ईशिका जायसवाल को सीधे गेमों में 21-14, 21-18 से हराया, जबकि दूसरी वरीय तन्वी शर्मा ने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए इंडोनेशिया की एमए पुष्पिता सारी को 18-21, 21-18, 21-18 से शिकस्त दी। इसी वर्ग में अनमोल खरब ने महज 35 मिनट में पांचवीं वरीय हमवतन अस्मिता चालिहा को 21-16, 21-15 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। वहीं, तस्नीम मीर ने छठी वरीय स्कॉटलैंड की क्रिस्टी गिलमोर को 21-19, 21-5 से रौंदकर बाहर का रास्ता दिखाया। दूसरी तरफ, आठवीं वरीय ईशारानी बरुआ को इंडोनेशिया की एनकेडीए पृथ्वी से 21-9, 9-21, 21-17 से, रक्षिता संतोष रामराज को शीर्ष वरीय जापान की रिको गुंजी से 21-13, 21-19 से और तान्या हेमनाथ को मलेशिया की वांग लिंग चिंग से 16-21, 21-13, 21-17 से हार झेलनी पड़ी।

IMG 20261126 WA0037

दिन का सबसे बड़ा झटका मिश्रित युगल में लगा, जहां मलेशिया के वी यी हर्न और वैनी गोबी ने भारत की शीर्ष वरीय जोड़ी ध्रुव कपिला और तनीषा क्रैस्टो को 40 मिनट तक चले मुकाबले में 22-20, 21-15 से परास्त किया। एक अन्य मैच में मलेशिया के एम. नवाफ खोइरियांश्याह और इंदाह काह्या सारी जमील ने सातवीं वरीय ध्रुव रावत और मनीषा को 21-16, 21-15 से हराया। हालांकि, सात्विक रेड्डी कन्नपुरम व रेशिका ने आयुष मखीजा और अनघा अरविंदा पाई को 22-20, 21-23, 21-14 से तथा विराज कुवले व रुतुपर्णा पांडा ने फ्रांस की जोड़ी को 16-21, 21-13, 21-17 से मात देकर भारतीय उम्मीदें कायम रखीं।

IMG 20261126 WA0036

पुरुष एकल में भारत के तुषार सुवीर ने हमवतन शाश्वत दलाल को 21-14, 21-12 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। इस वर्ग में इंडोनेशिया के प्रदिस्का बागास शुजीवो ने शीर्ष वरीय सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह को 14-21, 21-15, 21-17 से हराकर चौंका दिया। वहीं, भारत के गिनपाल सोना को छठी वरीय फ्रांस के अर्नौड मर्केल से 21-15, 9-21, 21-5 से और प्रणव शेट्टीगर को दूसरी वरीय मलेशिया के ली जी जिया से 21-11, 21-18 से हार का सामना करना पड़ा।

IMG 20261126 WA0034

युगल मुकाबलों में गायत्री गोपीचंद और त्रिशा जॉली ने हमवतन श्रेया बालाजी व प्रणवी नटराजन को एकतरफा मुकाबले में 21-9, 21-8 से हराया। आठवीं वरीय अश्विनी भट्ट के और शिखा गौतम ने मान्या रहलान व रेशिका को 16-21, 21-12, 21-19 से शिकस्त दी। हालांकि, यूपी की अमोलिका सिंह सिसोदिया व समृद्धि सिंह को फ्रांस की सातवीं वरीय जोड़ी से 21-16, 21-10 से, यूपी की श्रुति मिश्रा व मणिपुर की प्रिया को इंडोनेशिया की चौथी वरीय जोड़ी से 21-10, 21-6 से और अदिति भट्ट व श्रवाणी वालेकर को पांचवीं वरीय थाईलैंड की जोड़ी से 21-18, 21-14 से हार मिली। पुरुष युगल में तीसरी वरीय भारत के हरिहरन आमसाकरुणन और एमआर अर्जुन ने फ्रांस के मैल कॉटन व लुकास रेनोर को 21-12, 22-20 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *