लखनऊ। पूजा पर्व के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने दो वन-वे (एक तरफा) विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। दोनों गाड़ियां एक-एक फेरे के लिए चलाई जाएंगी और बाराबंकी व लखनऊ स्टेशनों से होकर गुजरेंगी, जिससे बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब के बीच सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
गाड़ी संख्या 05515 जयनगर–अमृतसर वन-वे विशेष ट्रेन 26 नवंबर को जयनगर से रात 9:30 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, सोनपुर, छपरा, सिवान, देवरिया सदर, गोरखपुर, बस्ती व गोंडा होते हुए अगले दिन दोपहर 12:40 बजे बाराबंकी पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद लखनऊ के लिए रवाना होगी। लखनऊ स्टेशन पर दोपहर 1:30 बजे आगमन के बाद यह 1:40 बजे प्रस्थान करेगी। आगे यह बरेली, मुरादाबाद, लक्सर, सहारनपुर, यमुनानगर-जगाधरी, अंबाला कैंट, सरहिंद, लुधियाना, फगवाड़ा और जालंधर सिटी के रास्ते सुबह 7:00 बजे अमृतसर पहुंचेगी। इस गाड़ी में सामान्य व स्लीपर श्रेणी सहित कुल 19 कोच लगाए जाएंगे।
इसी क्रम में गाड़ी संख्या 05519 सहरसा–आनंद विहार टर्मिनल वन-वे विशेष ट्रेन 27 नवंबर को सहरसा से रात 10:00 बजे रवाना होगी। मानसी, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, सोनपुर, छपरा, सिवान, देवरिया सदर, गोरखपुर और गोंडा के रास्ते यह ट्रेन अगले दिन दोपहर 2:15 बजे बाराबंकी पहुंचकर 2:18 बजे छूटेगी, जबकि लखनऊ में दोपहर 3:15 बजे आगमन और 3:25 बजे प्रस्थान होगा। इसके बाद बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद होते हुए यह रात 2:30 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। इसमें सामान्य और स्लीपर सहित कुल 22 कोच होंगे। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व समय-सारणी की पुष्टि के लिए आधिकारिक वेबसाइट या रेल मदद हेल्पलाइन नंबर 139 का उपयोग करें।
प्रशांत तिवारी पिछले 11 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह न्यूज़ नाउ नेटवर्क में लखनऊ के स्थानीय संपादक के रूप में कार्यरत हैं। राजनीति और क्राइम से जुड़ी खबरों पर लेखन करना उनकी विशेष रुचि है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी हैं।