LIVE --
🌤 Loading...
LIVE

शतरंज की बिसात पर भाई-बहन का जलवा: आभास बने ओपन चैंपियन, आभ्या ने जूनियर वर्ग में मारी बाजी

शतरंज की बिसात पर भाई-बहन का जलवा: आभास बने ओपन चैंपियन, आभ्या ने जूनियर वर्ग में मारी बाजी

image a4f6719e
Spread the love

वर्ल्ड हेलो डे शतरंज चैंपियनशिप में दिखी 6 साल के नन्हे खिलाड़ी आरुष की आक्रामक चाल, वूडी बिन्नी सीनियर वर्ग के विजेता

IMG 20261123 WA0012

लखनऊ, खेल। शहर में आयोजित ‘वर्ल्ड हेलो डे शतरंज चैंपियनशिप’ में भाई-बहन की जोड़ी आभास कुमार श्रीवास्तव और आभ्या श्रीवास्तव ने अपनी शानदार चालों से सभी को प्रभावित करते हुए खिताबी जीत दर्ज की। चेस क्लब ब्लैक एंड व्हाइट (सीसीबीडब्ल्यू) के तत्वावधान में एक निजी होटल में संपन्न हुई इस प्रतियोगिता के ओपन रेटेड वर्ग में जहां किशोर खिलाड़ी आभास ने चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, वहीं उनकी बहन आभ्या जूनियर वर्ग में संयुक्त विजेता बनीं।

ओपन रेटेड वर्ग में क्षेत्र के दिग्गज खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें आभास ने सर्वाधिक 6 अंक अर्जित कर पहला स्थान हासिल किया। 5.5-5.5 अंकों के साथ अभिज्ञान कटियार और मयंक पांडेय संयुक्त रूप से उपविजेता रहे। इसी वर्ग में कार्तिक अग्रवाल सर्वश्रेष्ठ अनरेटेड खिलाड़ी चुने गए, जिन्होंने रोमांचक एंडगेम में अनुभवी खिलाड़ी पवन बाथम को बराबरी पर रोककर सबका ध्यान खींचा।

सीनियर और वेटरन वर्ग के परिणाम

अनरेटेड सीनियर वर्ग में वूडी बिन्नी तन्मय ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 6.5 अंकों के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया। विकास कुमार और दीप कुमार सिंह 5-5 अंक लेकर संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, वरिष्ठ नागरिक (वेटरन) श्रेणी में अनुभवी खिलाड़ियों के बीच रोचक जंग हुई, जहां मोहम्मद इरफान और सईद अहमद 4-4 अंकों के साथ संयुक्त विजेता घोषित किए गए। केके खरे और आरपी गुप्ता 3.5-3.5 अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे।

आयु वर्गों में भी दिखा कड़ा मुकाबला, आरुष ने बटोरी सुर्खियां

जूनियर वर्ग में आभ्या श्रीवास्तव और विहान वर्मा ने 6-6 अंकों के साथ संयुक्त रूप से खिताब अपने नाम किया। हालांकि, इस वर्ग में महज छह साल के नन्हे खिलाड़ी आरुष कटियार ने अपने आक्रामक खेल से सभी को चौंकाया और 4.5 अंक हासिल कर खूब वाहवाही बटोरी। विभिन्न आयु वर्गों के अन्य मुकाबलों में भी खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। अंडर-16 वर्ग में कानपुर के आरव और आयुष्मान गुप्ता 6-6 अंकों के साथ संयुक्त विजेता बने, जबकि अंडर-12 वर्ग में रुद्रांश शुक्ला ने 4 अंक हासिल कर पहला स्थान पाया। अंडर-10 वर्ग में अनय श्रीवास्तव (5 अंक) पहले और रियान गगन (4 अंक) दूसरे स्थान पर रहे। इसी तरह, अंडर-9 वर्ग में अयांश अवस्थी (6 अंक) ने बाजी मारी और हुजैफा इब्राहिम (4 अंक) उपविजेता रहे, वहीं अंडर-8 वर्ग में वियान कार्तिक (5 अंक) ने प्रथम तथा अनिरुद्ध सिंह (4.5 अंक) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

पारंपरिक परिधान में बिखेरी छटा, सईद अहमद ने बांटे पुरस्कार

प्रतियोगिता के दौरान सर्वश्रेष्ठ पारंपरिक परिधान (बेस्ट ट्रेडिशनल अटायर) के लिए नीलाक्ष, मेधांश आनंद, अद्विका, अर्चित तिवारी, अविक अग्रवाल, अर्जुन गर्ग और आयुष्मान गुप्ता को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समापन समारोह में लखनऊ चेस सेंटर के वरिष्ठ खिलाड़ी एवं कोच सईद अहमद ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। आयोजकों के अनुसार, विश्व हेलो दिवस पर आयोजित इस स्पर्धा का मुख्य उद्देश्य संवाद के जरिए शांति, समावेशिता और विवादों के समाधान का संदेश देना था, जिसका शतरंज का खेल सबसे बड़ा प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *