LIVE --
🌤 Loading...
LIVE

पीजीआई में ‘राष्ट्रीय नवजात सप्ताह’ का समापन, 38 चिकित्सकों को मिला जीवनरक्षक प्रशिक्षण

पीजीआई में ‘राष्ट्रीय नवजात सप्ताह’ का समापन, 38 चिकित्सकों को मिला जीवनरक्षक प्रशिक्षण

image 7ae0317e
Spread the love

नियोनेटोलॉजी विभाग का स्थापना दिवस व एलुमनाई मीट आयोजित, अभिभावकों को भी किया गया जागरूक

IMG 20261123 WA0004

लखनऊ। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई), लखनऊ के नियोनेटोलॉजी (नवजात शिशु चिकित्सा) विभाग की ओर से आयोजित ‘राष्ट्रीय नवजात सप्ताह’ का शनिवार को समापन हो गया। 15 से 21 नवंबर तक “स्ट्राइविंग फॉर इंटैक्ट सर्वाइवल” थीम पर आधारित इस सप्ताह में जहां एक ओर अभिभावकों को नवजात की देखभाल के गुर सिखाए गए, वहीं समापन अवसर पर आयोजित कार्यशाला में 38 हेल्थ प्रोफेशनल्स ने नवजात शिशु पुनर्जीवन (रिससिटेशन) का उन्नत प्रशिक्षण लिया। सप्ताह का समापन विभाग के स्थापना दिवस समारोह और पूर्व छात्र मिलन (एलुमनाई मीट) के साथ हुआ, जिसमें पूर्व छात्रों ने विभाग की अब तक की विकास यात्रा के अनुभव साझा किए। इस अवसर पर नेशनल नियोनेटोलॉजी फोरम (एनएनएफ) के सहयोग से ‘एडवांस्ड नियोनेटल रिससिटेशन प्रोग्राम’ (एनआरपी) प्रोवाइडर कोर्स आयोजित किया गया। इसमें सिमुलेशन-आधारित प्रशिक्षण और व्यावहारिक प्रदर्शन के जरिए आपात स्थिति में नवजात की जान बचाने की बारीकियां सिखाई गईं।

खतरे के संकेतों को समय पर पहचानना जरूरी

सप्ताह की शुरुआत जागरूकता पोस्टरों के प्रदर्शन से हुई। विभिन्न सत्रों में विशेषज्ञों ने माता-पिता को स्तनपान के महत्व, संक्रमण से बचाव, टीकाकरण और नवजात में खतरे के शुरुआती संकेतों की पहचान के प्रति जागरूक किया। इसके अलावा 17 नवंबर को ‘विश्व समय-पूर्व जन्म दिवस’ पर बैंगनी रंग की थीम पर विशेष कार्यक्रम हुए और रेजिडेंट डॉक्टरों व नर्सिंग स्टाफ के बीच क्विज़ प्रतियोगिता कराई गई।

IMG 20261123 WA0002

विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव

नियोनेटोलॉजी विभाग की प्रमुख प्रो. कीर्ति एम. नारंजे ने कहा कि नवजात शिशुओं के जीवित रहने की दर और स्वास्थ्य परिणामों को बेहतर बनाने के लिए व्यवस्थित प्रशिक्षण बेहद जरूरी है। कार्यशाला में एसजीपीजीआई से प्रो. कीर्ति एम. नारंजे, प्रो. अनीता सिंह, डॉ. आकांक्षा वर्मा के अलावा केजीएमयू के प्रो. एस. एन. सिंह, मेदांता के डॉ. आकाश पंडिता और कमांड अस्पताल के लेफ्टिनेंट कर्नल (डॉ.) परमिंदर सिंह ने बतौर फैकल्टी प्रशिक्षण दिया।

समारोह में संस्थान के कार्यवाहक निदेशक प्रो. आदित्य कपूर, डीन प्रो. मनोज जैन, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. देवेंद्र गुप्ता, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. हर्षवर्धन और एंडोक्रिनोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. सुभाष यादव प्रमुख रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. आकांक्षा वर्मा, डॉ. अनीता सिंह और डॉ. आर. के. श्वेताभ ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *