संस्थान के डॉक्टरों, रेजिडेंट्स और कर्मचारियों के लिए हर महीने लगेंगे 20 विशेष सत्र

मधुमेह, ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों से बचाव और मानसिक स्वास्थ्य पर रहेगा खास फोकस
लखनऊ। मरीजों की सेवा में दिन-रात जुटे रहने वाले डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए संजय गांधी पीजीआई (एसजीपीजीआई) लखनऊ ने एक नई पहल की है। बुधवार को संस्थान ने अपने फैकल्टी सदस्यों, रेजिडेंट्स और कर्मचारियों को तनाव मुक्त रखने व समग्र कल्याण को बढ़ावा देने के लिए ईशा फाउंडेशन के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
संस्थान के एचजी खुराना ऑडिटोरियम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान निदेशक पद्मश्री प्रो. आरके धीमन ने डीन प्रो. मनोज जैन और चिकित्सा अधीक्षक प्रो. आर हर्षवर्धन की मौजूदगी में इस समझौते को औपचारिक रूप से जारी किया। इस मौके पर निदेशक प्रो. धीमन ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए योग बेहद जरूरी है। उन्होंने मधुमेह (डायबिटीज), उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) और डिस्लिपिडेमिया जैसी जीवनशैली से जुड़ी गंभीर बीमारियों की रोकथाम में योग की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
डीन प्रो. मनोज जैन ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. आर हर्षवर्धन ने तेजी से बढ़ती मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के दौर में योग को एक कारगर समाधान बताया।

सीखेंगे ‘उप योग’ और ‘अंगमर्दन’ के गुर
इस करार के तहत ईशा फाउंडेशन के प्रशिक्षित हठ योग शिक्षक हर महीने पीजीआई के सदस्यों के लिए 20 विशेष सत्र आयोजित करेंगे। इन सत्रों में प्रतिभागियों को ‘उप योग’ और ‘अंगमर्दन’ के चुनिंदा अभ्यास सिखाए जाएंगे, ताकि वे इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बना सकें।
कार्यक्रम का समन्वय नोडल अधिकारी डॉ. शालीन कुमार सिंह और सह-नोडल अधिकारी डॉ. स्वस्ति तिवारी व डॉ. निधि तेजन ने किया। इस दौरान ईशा फाउंडेशन की पूर्णकालिक स्वयंसेवक सुश्री महिमा ने कार्यक्रम की रूपरेखा और इसके फायदों की जानकारी दी। समारोह में श्रीमती सुधा, श्रीमती गीतिका सहित ईशा फाउंडेशन के अन्य स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में पीजीआई का स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम का समापन ईशा फाउंडेशन के स्वयंसेवकों की भावपूर्ण संगीत प्रस्तुति के साथ हुआ।

प्रशांत तिवारी पिछले 11 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह न्यूज़ नाउ नेटवर्क में लखनऊ के स्थानीय संपादक के रूप में कार्यरत हैं। राजनीति और क्राइम से जुड़ी खबरों पर लेखन करना उनकी विशेष रुचि है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी हैं।