LIVE --
🌤 Loading...
LIVE

परदेस लौटने वालों के लिए रेलवे ने कसी कमर: स्टेशन पर रात गुजारकर डीआरएम ने परखी हकीकत, अफसरों को 24 घंटे अलर्ट रहने का फरमान

परदेस लौटने वालों के लिए रेलवे ने कसी कमर: स्टेशन पर रात गुजारकर डीआरएम ने परखी हकीकत, अफसरों को 24 घंटे अलर्ट रहने का फरमान

IMG 20261117 WA0037
Spread the love

IMG 20261117 WA0034

वॉर रूम से रखी जा रही प्लेटफॉर्म की पल-पल की खबर, डोमिनगढ़ स्टेशन का भी किया औचक निरीक्षण

IMG 20261117 WA0032

भीड़ नियंत्रण को 5 जर्मन हैंगर होल्डिंग एरिया तैयार, स्पेशल ट्रेनों के साथ कतारबद्ध होगी बोर्डिंग

IMG 20261117 WA0036

लखनऊ/गोरखपुर। छठ महापर्व के बाद अपने गंतव्य को लौटने वाले यात्रियों की संभावित भारी भीड़ से निपटने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने पूरी ताकत झोंक दी है। व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की चूक न हो, इसके लिए लखनऊ मंडल के रेल प्रबंधक (डीआरएम) गौरव अग्रवाल ने खुद कमान संभाल ली है। डीआरएम सोमवार देर शाम ही गोरखपुर जंक्शन पहुंच गए थे और उन्होंने स्टेशन पर ही रात्रि विश्राम कर रात भर भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं की निगरानी की। मंगलवार को उन्होंने जंक्शन और डोमिनगढ़ स्टेशन का सघन निरीक्षण कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ चौबीसों घंटे मुस्तैद रहें।

IMG 20261117 WA0031

IMG 20261117 WA0030

गेट से प्लेटफॉर्म तक परखी सुरक्षा, यात्रियों से लिया सीधा फीडबैक

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने प्रवेश द्वार संख्या-1 व 5, सर्कुलेटिंग एरिया, कैब-वे, फुट ओवरब्रिज और प्लेटफॉर्म संख्या-1, 2 व 9 पर की गई बैरिकेडिंग तथा सीमांकन को बारीकी से जांचा। उन्होंने स्टेशन स्थित ‘वॉर रूम’ में पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों के जरिए प्लेटफॉर्म पर हो रही लाइव निगरानी को परखा। इस दौरान उन्होंने मुसाफिरों से सीधे बातचीत कर इंतजामों के बारे में उनका फीडबैक भी लिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्लेटफॉर्म-9 स्थित टीटीई रनिंग रूम में रेलकर्मियों की आवासीय सुविधाओं को और बेहतर बनाने को कहा। इससे पूर्व उन्होंने डोमिनगढ़ स्टेशन का औचक निरीक्षण कर पैनल रूम, परिचालन संरक्षा और महिला कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

IMG 20261117 WA0035

पांच हाईटेक होल्डिंग एरिया और स्पेशल ट्रेनों का सहारा

प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ रोकने के लिए गोरखपुर जंक्शन पर कुल पांच अस्थायी यात्री होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। इनमें से चार प्लेटफॉर्म संख्या-1 व 2 की ओर तथा एक प्लेटफॉर्म-9 की तरफ स्थापित किया गया है। जर्मन हैंगर शेड से बने इन आश्रय स्थलों में बैठने, शुद्ध पेयजल, प्रसाधन, मेडिकल बूथ, कूलर, मोबाइल चार्जिंग और रोशनी के पूरे इंतजाम हैं। ट्रेन की स्थिति जानने के लिए एलईडी स्क्रीन और उद्घोषणा प्रणाली भी लगाई गई है। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए नियमित गाड़ियों के अलावा कई विशेष ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं। प्रमुख ट्रेनों में यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से चढ़ाने और मेगा माइक से निर्देश देने के लिए विशेष ड्यूटी लगाई गई है। इस दौरान वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय), वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (EnHM) और स्टेशन निदेशक रतनदीप गुप्ता समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *