अंतरराष्ट्रीय वेबिनार के साथ मना विश्व गुणवत्ता माह-2026, भारत और यूएई के विशेषज्ञों ने किया मरीज़ों की सुरक्षा पर मंथन

निदेशक प्रो. आर. के. धीमन बोले- हर मरीज़ से गरिमापूर्ण व्यवहार और सटीक जाँच ही बेहतर प्रदर्शन की असली कुंजी
लखनऊ। स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्टता और मरीज़ों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) ने मंगलवार को ‘विश्व गुणवत्ता माह-2026’ मनाया। संस्थान के इमरजेंसी मेडिसिन विभाग द्वारा टेलीमेडिसिन केंद्र से “क्वालिटी: पावरिंग परफॉर्मेंस” (गुणवत्ता: बेहतर प्रदर्शन की शक्ति) थीम पर एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय वेबिनार का आयोजन किया गया। इसमें लखनऊ, कोलकाता और दिल्ली के साथ-साथ संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के प्रख्यात चिकित्सकों, नर्सिंग पेशेवरों और स्वास्थ्य प्रशासकों ने शिरकत कर चिकित्सा प्रणाली को और अधिक सुरक्षित व जवाबदेह बनाने पर विचार-विमर्श किया।

वेबिनार में मुख्य वक्तव्य देते हुए संस्थान के निदेशक पद्मश्री प्रो. आर. के. धीमन ने कहा कि गुणवत्ता किसी भी स्वास्थ्यकर्मी के दैनिक कार्य का अभिन्न अंग होनी चाहिए। उन्होंने रेखांकित किया कि चिकित्सा संस्थान की रीढ़ माने जाने वाले तीनों स्तंभ—मरीज़ों की देखभाल, शिक्षण-प्रशिक्षण और शोध—गुणवत्ता के बिना अधूरे हैं। प्रो. धीमन ने कहा, “मृत्यु दर को नियंत्रित करने, प्रतिकूल घटनाओं को रोकने और सटीक जाँच प्रक्रिया अपनाने से ही संस्थान का प्रदर्शन निखरता है। हर मरीज़ के साथ गरिमापूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है।” इस दौरान उन्होंने विभागों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए संस्थान के आगामी स्थापना दिवस पर ‘क्वालिटी एक्सीलेंस अवॉर्ड’ प्रदान करने की भी घोषणा की।
टर्शियरी से क्वाटरनरी केयर की ओर बढ़ रहा कदम
इमरजेंसी मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष एवं आयोजन अध्यक्ष प्रो. आर. के. सिंह ने कहा कि आज के दौर में गुणवत्ता केवल किसी एक विभाग की जरूरत नहीं, बल्कि पूरे संस्थान की कार्यशैली का मानक बन चुकी है। उन्होंने बताया कि एसजीपीजीआई तेजी से टर्शियरी केयर से आगे बढ़कर क्वाटरनरी केयर (अति-विशिष्ट चिकित्सा) की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। इससे पहले अतिथियों का स्वागत करते हुए आयोजन सचिव डॉ. तन्मय घटक ने सटीक टिप्पणी करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवा में गुणवत्ता का अर्थ केवल प्रमाणपत्र हासिल करना या ऑडिट की फाइलें तैयार करना नहीं है, बल्कि यह डॉक्टर, नर्स, तकनीशियन और प्रशासक की सामूहिक जवाबदेही है।
चिकित्सकीय त्रुटियां रोकने और संक्रमण नियंत्रण पर मंथन
वेबिनार के विभिन्न वैज्ञानिक सत्रों में देश-विदेश के विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य सेवाओं की बारीकियों पर प्रकाश डाला। यूएई की विशेषज्ञ सुश्री शेरोन शीबा थंबीथुरई ने चिकित्सकीय त्रुटियों को न्यूनतम करने के साक्ष्य-आधारित मॉडल पेश किए, तो अबू धाबी के डॉ. सुखेन सामंत ने नर्सिंग दस्तावेज़ीकरण और कानूनी जवाबदेही पर बात रखी। वहीं, कोलकाता के पीयरलेस हॉस्पिटल से श्री अनुपम दास ने गुणवत्ता निर्माण में नेतृत्व की भूमिका और फोर्टिस हॉस्पिटल की सुश्री बनरिशिषा बसाइवमोइत ने आपातकालीन चिकित्सा में गुणवत्ता मानकों पर चर्चा की।
स्थानीय विशेषज्ञों में एनएचएम लखनऊ के डॉ. कमल मिश्रा ने मरीज़ों के फीडबैक के महत्व, आरएमएल की प्रो. ज्योत्सना अग्रवाल व एसजीपीजीआई के प्रो. अफ़ज़ल अज़ीम ने दवा प्रतिरोध (एंटीबायोटिक स्टीवर्डशिप) तथा डॉ. विक्रमजीत सिंह ने संक्रमण नियंत्रण के उपाय साझा किए। इसके अलावा प्रो. ज़फ़र नियाज़ ने रेडिएशन सुरक्षा और डॉ. रिपु दमन चंद ने टेलीहेल्थ में जोखिम प्रबंधन पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम के समापन पर सह-आयोजन सचिव डॉ. श्याम सुंदर ने आभार व्यक्त किया, जबकि संपूर्ण आयोजन का समन्वय क्वालिटी नर्स सुश्री जुइन दत्ते घोष ने किया।

प्रशांत तिवारी पिछले 11 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह न्यूज़ नाउ नेटवर्क में लखनऊ के स्थानीय संपादक के रूप में कार्यरत हैं। राजनीति और क्राइम से जुड़ी खबरों पर लेखन करना उनकी विशेष रुचि है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी हैं।