एसजीपीजीआई में मना विश्व गुणवत्ता माह, स्थापना दिवस पर मिलेगा ‘क्वालिटी एक्सीलेंस अवॉर्ड’
लखनऊ। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) के इमरजेंसी मेडिसिन विभाग ने मंगलवार को ‘क्वालिटी: पावरिंग परफॉर्मेंस’ थीम पर अंतरराष्ट्रीय वेबिनार के साथ विश्व गुणवत्ता माह-2026 मनाया। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए निदेशक पद्मश्री प्रो. आर. के. धीमन ने कहा कि गुणवत्ता हर स्वास्थ्यकर्मी के काम का अभिन्न अंग है और हर मरीज़ के साथ गरिमापूर्ण व्यवहार होना चाहिए। इस दौरान उन्होंने विभागों को प्रोत्साहित करने के लिए संस्थान के स्थापना दिवस पर ‘क्वालिटी एक्सीलेंस अवॉर्ड’ देने की घोषणा की। वेबिनार में लखनऊ, दिल्ली, कोलकाता और यूएई के विशेषज्ञों ने मरीज़ों की सुरक्षा, संक्रमण नियंत्रण, रेडिएशन सुरक्षा और चिकित्सकीय त्रुटियों को रोकने पर मंथन किया। आयोजन अध्यक्ष प्रो. आर. के. सिंह और सचिव डॉ. तन्मय घटक ने इसे सभी की सामूहिक ज़िम्मेदारी बताया, जबकि अंत में डॉ. श्याम सुंदर ने धन्यवाद ज्ञापित किया।