पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की पहल, 12 पेंशनभोगियों के मौके पर बने डिजिटल सर्टिफिकेट
ऑनलाइन ‘जीवन प्रमाण’ ऐप के जरिए सेवानिवृत्त कर्मियों को बनाया गया आत्मनिर्भर
लखनऊ। सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को अब जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए न तो दफ्तरों की दौड़ लगानी होगी और न ही लंबी कतारों में लगकर परेशान होना पड़ेगा। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने पेंशनभोगियों की इस बड़ी समस्या को आसान बनाने के लिए मंगलवार को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय स्थित बहुउद्देशीय हॉल में विशेष ‘डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र शिविर’ का आयोजन किया।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में लगे इस शिविर में बुजुर्ग पेंशनरों को डिजिटल तकनीक से रूबरू कराया गया। इस दौरान कार्मिक और लेखा विभाग की टीम ने पेंशनभोगियों को ‘ऑनलाइन जीवन प्रमाण’ (Online Jeevan Pramaan) मोबाइल एप्लीकेशन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। कर्मचारियों ने सरल भाषा में समझाया कि कैसे वे घर बैठे ही महज कुछ मिनटों में अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट तैयार कर सकते हैं।
शिविर में मौजूद टीम ने तकनीकी मदद मुहैया कराते हुए कुल 12 पेंशनभोगियों के डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र हाथों-हाथ तैयार कराए। रेल प्रशासन का कहना है कि इस मुहिम का मकसद वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल साक्षर बनाना और पेंशन से जुड़ी प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी, सरल व सुगम बनाना है, ताकि उन्हें किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

प्रशांत तिवारी पिछले 11 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह न्यूज़ नाउ नेटवर्क में लखनऊ के स्थानीय संपादक के रूप में कार्यरत हैं। राजनीति और क्राइम से जुड़ी खबरों पर लेखन करना उनकी विशेष रुचि है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी हैं।