बीबीएयू के सांख्यिकी विभाग में ‘अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक व औद्योगिक क्षेत्र में सांख्यिकी का दायरा’ विषय पर व्याख्यान
अमेरिका के उत्तरी कैरोलिना विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एमेरिटस ने विद्यार्थियों को बताए करियर के गुर

लखनऊ। आधुनिक दौर में साक्ष्य-आधारित निर्णय लेने और गुणवत्तापूर्ण शोध को नई दिशा देने में सांख्यिकी (स्टैटिस्टिक्स) की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शैक्षणिक और औद्योगिक क्षेत्रों में सांख्यिकीविदों के लिए करियर के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। ये बातें अमेरिका के उत्तरी कैरोलिना विश्वविद्यालय, ग्रीन्सबोरो के प्रोफेसर एमेरिटस एवं अमेरिकन स्टैटिस्टिकल एसोसिएशन के फेलो प्रो. सत गुप्ता ने कहीं। वह मंगलवार को बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में आयोजित विशेष व्याख्यान को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित कर रहे थे। कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ फिजिकल एंड डिसीजन साइंसेज के सांख्यिकी विभाग द्वारा ‘सांख्यिकी परामर्श और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक एवं औद्योगिक क्षेत्र में सांख्यिकी का दायरा’ विषय पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
अंतःविषय शोध में सांख्यिकी की अहम भूमिका
प्रो. सत गुप्ता ने सांख्यिकी परामर्श की अवधारणा को स्पष्ट करते हुए कहा कि आज जटिल शोध समस्याओं के समाधान में सांख्यिकी के अंतःविषय अनुप्रयोगों का महत्व लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान पद्धतियों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ संकायाध्यक्ष प्रो. सुरिंदर कुमार के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने सांख्यिकी के क्षेत्र में अपने अंतरराष्ट्रीय अनुभवों को विद्यार्थियों के साथ साझा किया। विभागाध्यक्ष प्रो. सुभाष कुमार यादव ने व्याख्यान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए समकालीन अनुसंधान और उद्योग जगत में सांख्यिकी परामर्श की बढ़ती उपयोगिता को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अमित कुमार मिश्रा और डॉ. राहुल वर्मा ने मुख्य वक्ता को पौधा भेंट कर सम्मानित किया। संचालन एवं समन्वय डॉ. प्रयास शर्मा ने किया, जबकि अंत में डॉ. राहुल वाष्र्णेय ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संकाय सदस्य, शोधार्थी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

प्रशांत तिवारी पिछले 11 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह न्यूज़ नाउ नेटवर्क में लखनऊ के स्थानीय संपादक के रूप में कार्यरत हैं। राजनीति और क्राइम से जुड़ी खबरों पर लेखन करना उनकी विशेष रुचि है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी हैं।