LIVE --
🌤 Loading...
LIVE

नारी शक्ति के हाथों में डोमिनगढ़ स्टेशन की कमान, उत्कृष्ट कार्य पर सात महिला रेलकर्मी सम्मानित

नारी शक्ति के हाथों में डोमिनगढ़ स्टेशन की कमान, उत्कृष्ट कार्य पर सात महिला रेलकर्मी सम्मानित

IMG 20261118 WA0029
Spread the love

डीआरएम गौरव अग्रवाल ने देर शाम किया स्टेशन का औचक निरीक्षण, यात्री सुविधाओं और सौंदर्यीकरण का लिया जायजा

ध्यानमग्न बुद्ध प्रतिमा और रंगीन फव्वारों की सराहना, उत्कृष्ट सेवा के लिए महिला कर्मियों को मिला नकद पुरस्कार

IMG 20261118 WA0031

लखनऊ/गोरखपुर। भारतीय रेल में महिला सशक्तिकरण और ‘नारी शक्ति’ की मिसाल पेश करते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल अंतर्गत आने वाला डोमिनगढ़ स्टेशन पूरी तरह महिला रेलकर्मियों के कुशल नेतृत्व में संचालित हो रहा है। स्टेशन की बेहतर व्यवस्था और समर्पित सेवाओं से प्रभावित होकर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) गौरव अग्रवाल ने मंगलवार देर शाम स्टेशन का निरीक्षण किया और उत्कृष्ट कार्य करने वाली सात महिला कर्मचारियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

गोरखपुर से लौटते समय लिया व्यवस्थाओं का जायजा

यात्री सुविधाओं के विस्तार और स्टेशन परिसरों के सौंदर्यीकरण अभियान के तहत डीआरएम गौरव अग्रवाल गोरखपुर से वापस लौटते समय देर शाम डोमिनगढ़ स्टेशन पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या-1 की बिटुमिनस कंक्रीट सतह, कॉपिंग स्टोन बदलने के कार्य और प्लेटफॉर्म किनारे लगी रेल फेंसिंग की गुणवत्ता को परखा।

बुद्ध प्रतिमा दे रही शांति और मैत्री का संदेश

डीआरएम ने स्टेशन परिसर में स्थापित भगवान बुद्ध की प्रतिमा का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि आकर्षक फव्वारे और रंगीन प्रकाश व्यवस्था से सुसज्जित यह ध्यानमग्न प्रतिमा न केवल स्टेशन की सुंदरता में चार चांद लगा रही है, बल्कि यात्रियों को शांति, करुणा और मैत्री का संदेश भी दे रही है।

टिकट से लेकर सुरक्षा तक महिलाओं का नियंत्रण

डोमिनगढ़ स्टेशन पर स्टेशन अधीक्षक से लेकर आरक्षण, उद्घोषणा, सिग्नल, परिचालन और सुरक्षा तक की सभी प्रमुख जिम्मेदारियां महिला कर्मचारी बखूबी निभा रही हैं। डीआरएम ने महिला टीम के अनुशासन, स्वच्छता और यात्री प्रबंधन की मुक्त कंठ से सराहना की।

IMG 20261118 WA0027

IMG 20261118 WA0028

सात महिला रेलकर्मियों को मिला सम्मान

कार्य के प्रति समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए डीआरएम ने सात महिला कर्मी स्टेशन मास्टर अंकिता, आरक्षण पर्यवेक्षक हेमलता राय व मनीषा सिंह, विद्युत सिग्नल अनुरक्षक स्वाती जायसवाल, हेल्पर सिग्नल पारुल शर्मा एवं कांस्टेबल, आरपीएफ अंजू यादव व नेहा यादव को नकद पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया।

IMG 20261118 WA0030

इस निरीक्षण और सम्मान कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ईएनएचएम) महेंद्र सिंह सहित स्टेशन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *