चौकों-छक्कों की बरसात, गीता, एसजीआरआरयू और आईआईएलएम की धमाकेदार जीत
गुरु जंबेश्वर यूनिवर्सिटी के आकाश चौधरी और अभिषेक दफौती ने जड़े आतिशी शतक
लखनऊ, खेल। राजधानी के विभिन्न मैदानों पर चल रहे नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट (2026-27) के दूसरे दिन बल्लेबाजों की आतिशबाजी और गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला। विभिन्न मुकाबलों में गीता यूनिवर्सिटी, एसजीआरआरयू (देहरादून), आईआईएलएम यूनिवर्सिटी और गुरु जंबेश्वर यूनिवर्सिटी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत का परचम लहराया।
शुभव का हरफनमौला प्रदर्शन, गीता यूनिवर्सिटी सात विकेट से जीती
जानकीपुरम स्थित केए क्रिकेट ग्राउंड पर गीता यूनिवर्सिटी ने शारदा यूनिवर्सिटी को सात विकेट से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी शारदा यूनिवर्सिटी की टीम 19.5 ओवर में 124 रन पर सिमट गई। टीम के लिए 11वें नंबर पर उतरे प्रियांशु राज ने सर्वाधिक 52 रन बनाकर स्कोर को सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचाया। गीता यूनिवर्सिटी की ओर से हन्नी नेहरा ने चार, नितिश भारद्वाज ने तीन और शुभव गोयल ने दो विकेट झटके। जवाब में गीता यूनिवर्सिटी ने 14.3 ओवर में तीन विकेट खोकर 128 रन बनाते हुए लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। सलामी बल्लेबाज मोहित (नाबाद 47 रन, 39 गेंद, 4 चौके, 3 छक्के) और शुभव गोयल (नाबाद 50 रन, 24 गेंद, 6 चौके, 3 छक्के) ने टीम को जीत की दहलीज पार कराई।
कैफ और आकाश के नाबाद अर्धशतकों से चमकी एसजीआरआरयू
एनईआर स्टेडियम पर एसजीआरआरयू, देहरादून ने टीएमबीएसएसयू, पटियाला को सात विकेट से मात दी। पटियाला की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आर्यन के नाबाद 82 रनों की बदौलत निर्धारित ओवरों में पांच विकेट पर 171 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसजीआरआरयू की टीम ने 15.5 ओवर में तीन विकेट पर 172 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। मोहम्मद कैफ (नाबाद 54 रन, 36 गेंद, 4 चौके, 3 छक्के) और आकाश (नाबाद 51 रन, 29 गेंद, 9 चौके) की सधी हुई आक्रामक पारियों ने टीम की जीत आसान कर दी।
आईआईएलएम ने विद्या यूनिवर्सिटी को 134 रन से रौंदा
गोमतीनगर स्थित रुद्रांश क्रिकेट अकादमी स्टेडियम में आईआईएलएम यूनिवर्सिटी ने हर क्षेत्र में दमदार खेल दिखाते हुए विद्या यूनिवर्सिटी, मेरठ को 134 रन के विशाल अंतर से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आईआईएलएम ने निर्धारित ओवरों में सात विकेट पर 202 रन बनाए। शरद ने महज 39 गेंदों पर 12 चौकों और चार छक्कों की मदद से 86 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि प्रतीक सिंह ने 32 गेंदों पर 46 रन जोड़े। जवाब में विद्या यूनिवर्सिटी की टीम 11.5 ओवर में नौ विकेट पर 68 रन ही बना सकी। आईआईएलएम की ओर से अंशुमान सिंह और विनायक तिवारी ने तीन-तीन तथा राम शिव हरे ने दो विकेट चटकाए।
आकाश और अभिषेक के शतकों से जीती गुरु जंबेश्वर यूनिवर्सिटी
एनईआर स्टेडियम पर खेले गए एक अन्य मुकाबले में गुरु जंबेश्वर यूनिवर्सिटी ने जीएनए यूनिवर्सिटी, फगवाड़ा को 138 रन से धूल चटाई। गुरु जंबेश्वर यूनिवर्सिटी के बल्लेबाजों ने विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर ली। आकाश चौधरी (नाबाद 124 रन, 60 गेंद, 8 चौके, 10 छक्के) और अभिषेक दफौती (नाबाद 102 रन, 60 गेंद, 7 चौके, 7 छक्के) के शानदार शतकों की बदौलत टीम ने एक विकेट पर 244 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया, जिसके दबाव में फगवाड़ा की टीम बिखर गई।
अन्य मुकाबलों की बात की जाए तो लखनऊ विश्वविद्यालय के परांजपे मैदान पर मानव रचना आईआईआरएस, फरीदाबाद ने वी. कांबोज (नाबाद 74 रन) की शानदार पारी के दम पर केएमसी भाषा यूनिवर्सिटी, लखनऊ को सात विकेट से हराया। हालांकि, एक अन्य मुकाबले में मानव रचना यूनिवर्सिटी, फरीदाबाद को आईआईएमटी यूनिवर्सिटी के हाथों नौ विकेट से हार का सामना करना पड़ा। लाला लाजपत राय यूनिवर्सिटी ने एसआरएम यूनिवर्सिटी को 12 रन से हराया। वहीं, एचपी यूनिवर्सिटी, शिमला ने चौधरी बंसीलाल यूनिवर्सिटी, भिवानी को 46 रन से शिकस्त दी। सीसीएस यूनिवर्सिटी, मेरठ ने भी अपना मुकाबला जीता, जबकि सीजीसी यूनिवर्सिटी, सरदार पटेल यूनिवर्सिटी और पंजाब यूनिवर्सिटी, पटियाला को वाकओवर मिला।

प्रशांत तिवारी पिछले 11 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह न्यूज़ नाउ नेटवर्क में लखनऊ के स्थानीय संपादक के रूप में कार्यरत हैं। राजनीति और क्राइम से जुड़ी खबरों पर लेखन करना उनकी विशेष रुचि है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी हैं।