LIVE --
🌤 Loading...
LIVE

नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट 2026-27

नार्थ जोन क्रिकेट: गुरु जंबेश्वर, आईआईएलएम और गीता यूनिवर्सिटी विजयी

लखनऊ, खेल। नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे दिन आकाश चौधरी (124*) व अभिषेक दफौती (102*) के शतकों से गुरु जंबेश्वर यूनिवर्सिटी ने जीएनए यूनिवर्सिटी को 138 रन से और शरद (86) की पारी से आईआईएलएम ने विद्या यूनिवर्सिटी को 134 रन से रौंदा। वहीं, गीता यूनिवर्सिटी (शुभव गोयल 50* रन, 2 विकेट) ने शारदा यूनिवर्सिटी को तथा एसजीआरआरयू देहरादून (कैफ 54*, आकाश 51*) ने टीएमबीएसएसयू पटियाला को सात-सात विकेट से शिकस्त दी।

UP T-20 लीग: 57 पर गिरे 7 विकेट, फिर बॉबी और कार्तिक के चमत्कार से नोएडा किंग्स ने छीनी रोमांचक जीत

लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए यूपी टी-20 लीग (सीजन 4) के दूसरे मैच में नोएडा किंग्स ने कानपुर सुपर स्टार्स के खिलाफ 3 विकेट से शानदार वापसी करते हुए रोमांचक जीत दर्ज की। शिवा सिंह (3/18) और कुणाल त्यागी (3/28) की धारदार गेंदबाजी के दम पर नोएडा किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करने उतरी कानपुर सुपर स्टार्स को 20 ओवरों में 134/8 के स्कोर पर रोक दिया। जवाब में 135 रनों का पीछा करते हुए नोएडा किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही और महज 57 रन पर उसके 7 प्रमुख बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। इसके बाद संकटमोचक बने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बॉबी यादव (नाबाद 44 रन, 28 गेंद) और कार्तिक सिद्धू (नाबाद 34 रन, 21 गेंद) ने आठवें विकेट के लिए नाबाद 78 रनों की मैच जिताऊ साझेदारी कर टीम को 19.4 ओवरों में 135/7 के स्कोर तक पहुंचाकर हारी हुई बाजी को ऐतिहासिक जीत में बदल दिया।