कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों के दल को किया रवाना
लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) लखनऊ के प्रबंधन अध्ययन विभाग के एमबीए (ग्रामीण प्रबंधन) के विद्यार्थियों ने बुधवार को सुल्तानपुर रोड स्थित पराग डेयरी प्लांट का शैक्षणिक व औद्योगिक भ्रमण किया। विश्वविद्यालय परिसर से कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों के दल को रवाना किया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. मित्तल ने कहा कि ऐसे औद्योगिक भ्रमण छात्रों को किताबी ज्ञान से बाहर निकालकर वास्तविक कार्यप्रणाली और प्रबंधन की व्यावहारिक चुनौतियों से रूबरू कराते हैं। इससे युवाओं में उद्यमशीलता, नवाचार और व्यावसायिक कौशल का विकास होता है। विभागाध्यक्ष प्रो. तरुणा ने इसे पाठ्यक्रम मूल्यांकन का अहम हिस्सा बताते हुए कहा कि ग्रामीण प्रबंधन के छात्रों के लिए सहकारी मॉडल, दुग्ध प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन को प्रत्यक्ष रूप से समझना बेहद लाभकारी साबित होगा।
भ्रमण के दौरान डेयरी अधिकारियों ने विद्यार्थियों को गांवों से दूध के संग्रहण से लेकर संयंत्र तक परिवहन, निर्धारित तापमान पर प्रसंस्करण, गुणवत्ता परीक्षण, पैकेजिंग और अंतिम वितरण तक की पूरी श्रृंखला की जानकारी दी। छात्रों ने आधुनिक व स्वचालित मशीनों के जरिए दूध के अलावा पनीर, दही, छाछ और पेड़ा तैयार होने व उसकी पैकेजिंग की प्रक्रिया को करीब से देखा। विशेषज्ञों ने खाद्य सुरक्षा व स्वच्छता मानकों के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
इस शैक्षणिक भ्रमण में विभाग के संकाय सदस्य डॉ. कृष्ण मुरारी, डॉ. कल्याणी उपाध्याय और डॉ. अफरीन फातिमा ने छात्रों का मार्गदर्शन किया।

प्रशांत तिवारी पिछले 11 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह न्यूज़ नाउ नेटवर्क में लखनऊ के स्थानीय संपादक के रूप में कार्यरत हैं। राजनीति और क्राइम से जुड़ी खबरों पर लेखन करना उनकी विशेष रुचि है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी हैं।