
लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के अर्थशास्त्र विभाग और भारतीय किसान उर्वरक सहकारी लिमिटेड (इफको) के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। ‘भारत में सहकारिता का भविष्य एवं ग्रामीण विकास को सशक्त बनाने में सहकारी समितियों की उभरती भूमिका : उत्तर प्रदेश के विशेष संदर्भ में’ विषय पर आयोजित इस संगोष्ठी में देश भर के शिक्षाविदों और नीति निर्माताओं ने सहकारिता आंदोलन की मजबूती पर मंथन किया।

पूंजीवाद का बेहतर विकल्प है सहकारिता : कुलपति
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बीबीएयू के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि सामूहिकता, सहभागिता और सहयोग ही सहकारिता का मूल आधार है। उन्होंने इसे पूंजीवाद की तुलना में एक बेहतर विकल्प बताते हुए कहा कि यह व्यक्तिवाद के स्थान पर साझा विकास को प्राथमिकता देता है। ‘बिना संस्कार के उद्धार नहीं और बिना सहकार के संस्कार नहीं’ का सूत्र देते हुए उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नौकरी मांगने वाले के बजाय रोजगार सृजित करने वाले बनें और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें।

केवल पूंजी नहीं, आपसी विश्वास और पारदर्शिता जरूरी : डॉ. त्रिपाठी
मुख्य वक्ता के रूप में शामिल प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (EAC-PM) के संयुक्त सचिव डॉ. के.के. त्रिपाठी ने ‘गवर्नेंस में लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं प्रबंधन में व्यावसायिकता’ पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाएं केवल पूंजी से नहीं, बल्कि अच्छे चरित्र, पारदर्शिता, नियमित ऑडिट और आपसी विश्वास से आगे बढ़ती हैं। उन्होंने सुशासन को संस्थागत कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

व्यक्तिगत प्रयासों को सामूहिक शक्ति में बदलती है सहकारिता
भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM), अहमदाबाद के प्रो. संजय वर्मा ने कहा कि सहकारिता व्यक्तिगत प्रयासों को सामूहिक शक्ति में परिवर्तित कर ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए साधन विकसित करती है। वहीं, डॉ. बी.आर. अम्बेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के प्रो. वेद प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति केवल आर्थिक वृद्धि से नहीं, बल्कि सामाजिक स्तर पर हासिल उपलब्धियों से आंकी जाती है। सहकारिता लोगों में नेतृत्व कौशल और सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित कर एक आदर्श समाज का निर्माण करती है।
संगोष्ठी की शुरुआत दीप प्रज्वलन, बाबासाहेब के चित्र पर माल्यार्पण और कुलगीत के साथ हुई। कार्यक्रम संयोजक प्रो. ओम प्रकाश शुक्ला ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि विभागाध्यक्ष प्रो. सनातन नायक ने संगोष्ठी की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस अवसर पर एक विशेष पैनल चर्चा भी आयोजित की गई। अंत में डीन ऑफ अकेडमिक अफेयर्स प्रो. एस. विक्टर बाबू ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, शिक्षकगण, शोधार्थी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

प्रशांत तिवारी पिछले 11 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह न्यूज़ नाउ नेटवर्क में लखनऊ के स्थानीय संपादक के रूप में कार्यरत हैं। राजनीति और क्राइम से जुड़ी खबरों पर लेखन करना उनकी विशेष रुचि है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी हैं।