LIVE --
🌤 Loading...
LIVE

यूपी प्रो हैंडबॉल लीग-2 का आगाज: पहले दिन 275 खिलाड़ियों ने बहाया पसीना

यूपी प्रो हैंडबॉल लीग-2 का आगाज: पहले दिन 275 खिलाड़ियों ने बहाया पसीना

image 1a7794c0
Spread the love

IMG 20261121 WA0042

लखनऊ, खेल। पहले संस्करण की ऐतिहासिक सफलता के बाद अब ‘यूपी प्रो हैंडबॉल लीग’ (UPPHL) के दूसरे सीजन की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार को राजधानी के केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में दो दिवसीय चयन ट्रायल का शानदार आगाज हुआ। ट्रायल के पहले दिन उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों के 275 खिलाड़ियों ने कोर्ट पर उतरकर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का दमखम दिखाया।

दिग्गज कोचों की पारखी नजर में परखी गई प्रतिभा

उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन और एसएन पांडेय खेल संस्थान ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस ट्रायल में मेजबान उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार, उत्तराखंड, झारखंड और पश्चिम बंगाल के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खिलाड़ियों के चयन की जिम्मेदारी अनुभवी कोचों के पैनल को सौंपी गई है। इसमें सेना के कृष्णा गौतम, रेलवे के सुशांत मिश्रा, एसएसबी के आदित्य यादव और यूपी पुलिस के मनोज चौरसिया की निगरानी में खिलाड़ियों की फिटनेस, तकनीक और खेल कौशल की बारीकी से जांच की गई।

दूसरे सीजन में दिखेगा व्यापक स्वरूप: डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय

ट्रायल का औपचारिक शुभारंभ यूपी प्रो हैंडबॉल लीग के सीईओ और हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के कार्यकारी निदेशक डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि लीग का दूसरा सीजन पहले के मुकाबले कहीं अधिक भव्य और व्यापक होगा। दूसरे राज्यों के खिलाड़ियों को मौका देने के फैसले की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इससे विभिन्न राज्यों की प्रतिभाओं को एक साथ खेलने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता साबित करने का बेहतरीन मंच मिलेगा। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, कड़ी मेहनत और सच्ची खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

यूपी के खिलाड़ियों का रहेगा दबदबा: अमित पाण्डेय

लीग के संस्थापक निदेशक अमित पाण्डेय ने बताया कि पहले सीजन में खिलाड़ियों को मिले शानदार मंच से प्रेरित होकर इस बार दायरा बढ़ाया गया है। पहले सीजन में केवल उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी शामिल थे, लेकिन सीजन-2 के दरवाजे अन्य राज्यों के लिए भी खोल दिए गए हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि फ्रेंचाइजी टीमों में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों की संख्या ही सर्वाधिक रहेगी, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं का हित सुरक्षित रहे।

सेंट्रल जोन के खिलाड़ियों की बारी आज

ट्रायल के दूसरे दिन यानी रविवार को सेंट्रल जोन के अंतर्गत आने वाले राज्यों के खिलाड़ियों की परीक्षा होगी। इसमें जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के खिलाड़ी अपनी दावेदारी पेश करेंगे। ट्रायल के उद्घाटन अवसर पर लीग के सह-संस्थापक मोहम्मद तौहीद, अध्यक्ष प्रखर शुक्ला, लीग मैनेजमेंट से चयंक प्रधान, यशवीर सिंह और लखनऊ जिला हैंडबॉल संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुधीर कुमार सहित कई खेल पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *