यूपी प्रो हैंडबॉल लीग-2: ट्रायल के पहले दिन 275 खिलाड़ियों ने दिखाया दम
लखनऊ, खेल संवाददाता। यूपी प्रो हैंडबॉल लीग के दूसरे सीजन के लिए शनिवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित बहुउद्देश्यीय हॉल में दो दिवसीय चयन ट्रायल का आगाज हुआ। उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन और एसएन पांडेय खेल संस्थान ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस ट्रायल के पहले दिन यूपी, बिहार, उत्तराखंड, झारखंड और पश्चिम बंगाल के 275 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लीग के सीईओ डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने ट्रायल का शुभारंभ करते हुए दूसरे राज्यों के खिलाड़ियों को मौका देने की सराहना की, जबकि संस्थापक निदेशक अमित पाण्डेय ने बताया कि फ्रेंचाइजी टीमों में यूपी के खिलाड़ियों की संख्या सर्वाधिक रहेगी। सेना, रेलवे, एसएसबी और यूपी पुलिस के कोचों की निगरानी में चल रहे इस ट्रायल के दूसरे दिन रविवार को सेंट्रल जोन के अंतर्गत जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के खिलाड़ी अपनी दावेदारी पेश करेंगे।