LIVE --
🌤 Loading...
LIVE

देवेश की नाबाद अर्धशतकीय पारी से टाइम्स ऑफ इंडिया सेमीफाइनल में

देवेश की नाबाद अर्धशतकीय पारी से टाइम्स ऑफ इंडिया सेमीफाइनल में
लखनऊ। संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में टाइम्स ऑफ इंडिया ने अमर उजाला को नौ विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अमर उजाला की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.3 ओवर में 114 रन पर सिमट गई, जिसमें टाइम्स ऑफ इंडिया के राजीव श्रीवास्तव ने तीन विकेट झटके। जवाब में टाइम्स ऑफ इंडिया ने सलामी बल्लेबाज देवेश पांडेय की नाबाद 77 रनों की आतिशी पारी और अब्बास रिजवी (36 रन) के साथ 106 रनों की साझेदारी की बदौलत 13.5 ओवर में ही एक विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। देवेश को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

यूपी प्रो हैंडबॉल लीग-2 का आगाज: पहले दिन 275 खिलाड़ियों ने बहाया पसीना

यूपी प्रो हैंडबॉल लीग-2: ट्रायल के पहले दिन 275 खिलाड़ियों ने दिखाया दम

लखनऊ, खेल संवाददाता। यूपी प्रो हैंडबॉल लीग के दूसरे सीजन के लिए शनिवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित बहुउद्देश्यीय हॉल में दो दिवसीय चयन ट्रायल का आगाज हुआ। उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन और एसएन पांडेय खेल संस्थान ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस ट्रायल के पहले दिन यूपी, बिहार, उत्तराखंड, झारखंड और पश्चिम बंगाल के 275 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लीग के सीईओ डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने ट्रायल का शुभारंभ करते हुए दूसरे राज्यों के खिलाड़ियों को मौका देने की सराहना की, जबकि संस्थापक निदेशक अमित पाण्डेय ने बताया कि फ्रेंचाइजी टीमों में यूपी के खिलाड़ियों की संख्या सर्वाधिक रहेगी। सेना, रेलवे, एसएसबी और यूपी पुलिस के कोचों की निगरानी में चल रहे इस ट्रायल के दूसरे दिन रविवार को सेंट्रल जोन के अंतर्गत जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के खिलाड़ी अपनी दावेदारी पेश करेंगे।