वृंदावन सेक्टर-15 स्थित डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में 21 दिनों तक बिखरेगी संस्कृति और कला की छटा
पारंपरिक और आधुनिक थीम पर सजे बाजार, उभरते कलाकारों को मिलेगा बड़ा मंच

लखनऊ। राजधानी के वृंदावन योजना सेक्टर-15 स्थित डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में मंगलवार को ‘भारत हस्तशिल्प महोत्सव-2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। भारतीय संस्कृति और परंपराओं को संजोते हुए प्रकाश पर्व एवं देव दिवाली के पावन अवसर पर हजारों दीप प्रज्वलित कर महोत्सव की शुरुआत की गई। इस दौरान आयोजन समिति ने सभी के सुख-समृद्धि और परोपकार की कामना की। यह महोत्सव आगामी 14 दिसंबर तक चलेगा।
खरीदारी से लेकर लजीज व्यंजनों तक का खास इंतजाम
पिछले पांच वर्षों से भारतीय संस्कृति और हस्तशिल्प को नई दिशा दे रहा यह महोत्सव इस बार पारंपरिक और आधुनिक थीम पर सजाया गया है। मेले में देश भर से आए हस्तशिल्पियों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। सर्दी के मौसम को देखते हुए यहां गर्म सूट, शॉल, स्वेटर, कंबल और जैकेट की खास रेंज उपलब्ध है। इसके अलावा घर की सजावट के लिए आकर्षक क्रॉकरी, कारपेट और फर्नीचर भी लोगों को लुभा रहे हैं। बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए नए प्रकार के आधुनिक झूले लगाए गए हैं, जबकि फूड जोन में कॉन्टिनेंटल व्यंजनों से लेकर देसी बाटी-चोखा तक का स्वाद लिया जा सकता है।
नए कलाकारों को मिलेगा अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर
महोत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमें शहर और प्रदेश के उभरते हुए नए कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर दिया जाएगा। साथ ही, कार्यक्रमों को भव्य बनाने के लिए स्थापित कलाकारों का भी विशेष सहयोग लिया जाएगा।
इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष विनोद सिंह ने लखनऊ की जनता, दूर-दराज से आए स्टॉल धारकों और महोत्सव से जुड़े सभी सहयोगियों का अभिनंदन व स्वागत किया। अंत में संस्था के उपाध्यक्ष एन.बी. सिंह ने सभी आगंतुकों के प्रति धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।

प्रशांत तिवारी पिछले 11 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह न्यूज़ नाउ नेटवर्क में लखनऊ के स्थानीय संपादक के रूप में कार्यरत हैं। राजनीति और क्राइम से जुड़ी खबरों पर लेखन करना उनकी विशेष रुचि है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी हैं।