LIVE --
🌤 Loading...
LIVE

सैयद मोदी बैडमिंटन: उलटफेर भरे दिन में तुषार-तान्या चमके, प्रणय पहले ही दौर में ढेर

सैयद मोदी बैडमिंटन: उलटफेर भरे दिन में तुषार-तान्या चमके, प्रणय पहले ही दौर में ढेर

image 71a73fd
Spread the love

IMG 20261125 WA0033

गत चैंपियन गायत्री-त्रिशा का धमाकेदार आगाज; उन्नति और तन्वी दूसरे दौर में, यूपी की मानसी का सफर थमा

लखनऊ, खेल डेस्क। नवाबों के शहर लखनऊ में बुधवार को बैडमिंटन कोर्ट पर रोमांच और उलटफेर का जबरदस्त तड़का देखने को मिला। 2,50,000 अमेरिकी डॉलर इनामी ‘सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300’ चैंपियनशिप के मुख्य ड्रॉ के पहले ही दिन भारत के युवा सितारों ने दिग्गजों को चौंका दिया। पुरुष एकल में तुषार सुवीर और महिला एकल में तान्या हेमनाथ ने वरीय खिलाड़ियों को पटखनी देकर दिन का सबसे बड़ा उलटफेर किया। हालांकि, भारतीय खेमे को उस वक्त करारा झटका लगा जब तीन बार के ओलंपियन और खिताब के प्रबल दावेदार एचएस प्रणय पहले ही दौर में हारकर बाहर हो गए। गोमतीनगर स्थित बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में महिला युगल की गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली की शीर्ष वरीय जोड़ी ने अपने खिताब बचाव अभियान का शाही आगाज करते हुए क्वालीफायर जोड़ी को महज कुछ ही मिनटों में पस्त कर दिया।

IMG 20261125 WA0035

तुषार के स्मैश के आगे मलेशियाई चुनौती पस्त, तान्या का भी कमाल

पुरुष एकल में भारत के तुषार सुवीर ने कोर्ट पर उतरते ही आक्रामक तेवर दिखाए और पांचवीं वरीय मलेशिया के जस्टिन होह को कोई मौका न देते हुए सीधे गेमों में 21-11, 21-17 से धूल चटाई। पहले गेम में तुषार के सटीक शॉट्स और दमदार स्मैश का जस्टिन के पास कोई जवाब नहीं था, जबकि दूसरे गेम में उन्होंने मलेशियाई खिलाड़ी की वापसी की कोशिशों को नाकाम कर यादगार जीत दर्ज की। उधर, महिला एकल में तान्या हेमनाथ ने सातवीं वरीय हमवतन देविका सिहाग को 21-14, 18-21, 21-16 से हराकर टूर्नामेंट में सनसनी फैला दी। पहला गेम आसानी से गंवाने के बाद देविका ने दूसरे गेम में शानदार वापसी कर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया था, लेकिन निर्णायक गेम में एक-एक अंक के लिए चले कड़े संघर्ष के बीच तान्या के धैर्य ने उन्हें जीत दिला दी।

IMG 20261125 WA0027

प्रणय की हार से टूटी उम्मीदें, शाश्वत बने संकटमोचक

पुरुष एकल में तीसरी वरीय एचएस प्रणय की हार भारतीय प्रशंसकों के लिए सबसे निराशाजनक रही, जहां चीनी ताइपे के झी यिंग यू ने शानदार खेल दिखाते हुए प्रणय को 21-19, 21-17 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया। इसके अलावा किरन जार्ज को भी चौथी वरीय इंडोनेशिया के रिची दुता रिचार्डो के हाथों 21-4, 21-8 से एकतरफा हार झेलनी पड़ी, जबकि शीर्ष वरीय सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह ने फ्रांस के इनागट का को मात दी। निराशा के इस माहौल के बीच क्वालीफायर शाश्वत दलाल ने अमेरिका के मार्क शैली को तीन गेमों के कड़े मुकाबले में 21-14, 16-21, 21-7 से हराकर भारत का मान रखा।

IMG 20261125 WA0030

उन्नति-तन्वी का विजयी अभियान, मेजबान यूपी की मानसी बाहर

महिला एकल में तीसरी वरीय उन्नति हुड्डा ने यूक्रेन की येव्हेनिया कांतमिर को 21-15, 21-19 से शिकस्त देकर अगले दौर में प्रवेश किया, वहीं दूसरी वरीय तन्वी शर्मा को मलेशिया की गोह जिन वेई के कंधे में खिंचाव के कारण मैच छोड़ने (उस समय मलेशियाई खिलाड़ी 2-1 से आगे थीं) से अगले दौर का टिकट मिला। अन्य मुकाबलों में आठवीं वरीय ईशारानी बरुआ ने इंडोनेशिया की थालिता आर वरियान को 21-12, 25-23 से, पांचवीं वरीय अस्मिता चालिहा ने यूक्रेन की पोलिना बुहारोवा को 21-14, 21-16 से, तस्नीम मीर ने मालविका भंसोड को 21-17, 21-12 से और रक्षिता संतोष रामराज ने सूर्या चरिश्मा तामिरी को 21-17, 19-21, 21-14 से मात दी। हालांकि, स्थानीय खिलाड़ी मानसी सिंह चौथी वरीय थाईलैंड की सुपानिदा कटेथोंग और आकर्षी कश्यप मलेशिया की वांग लिंग चिंग की चुनौती पार नहीं कर सकीं, जबकि तन्वी पत्री पीठ दर्द के कारण मुकाबला बीच में ही छोड़ गईं।

IMG 20261125 WA0032

युगल वर्ग में गायत्री-त्रिशा का तूफान, ध्रुव-तनीषा की जोरदार वापसी

महिला युगल में शीर्ष वरीय गायत्री गोपीचंद और त्रिशा जॉली ने हमवतन रश्मि गणेश और अमृता प्रमुथेश को 21-8, 21-7 से रौंदकर अपने इरादे साफ कर दिए, जबकि आठवीं वरीय अश्विनी भट्ट व शिखा गौतम ने दिया भीमैय्याह व बरुनी परसाल को 21-16, 23-21 से हराया और नाइसा-प्रवंदिका व अनन्या-अंजना की जोड़ियां भी आगे बढ़ीं। मिश्रित युगल में शीर्ष वरीय ध्रुव कपिला और तनीषा क्रेस्टो ने पहला गेम हारने के बाद जबरदस्त वापसी करते हुए दिव्यम अरोरा व श्रवाणी वालेकर को 16-21, 21-16, 21-14 से हराया, वहीं सातवीं वरीय ध्रुव रावत व मनीषा के, भव्य-अदिति, विराज-रुतुपर्णा, सात्विक-रेशिका और आयुष-अनघा की जोड़ियों ने भी जीत दर्ज की, जबकि रोहन कपूर व रुत्विका शिवानी को चोट के कारण रिटायर होना पड़ा। पुरुष युगल में भार्गव राम एंजेला और विश्वा तेज की जोड़ी ने आर्या व ध्रुव ठाकोर को 16-21, 21-12, 21-15 से हराकर लाज बचाई, हालांकि अभ्युदय-आयुष और सूरज-निकोलस की जोड़ियां हारकर बाहर हो गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *