ऐशबाग व बादशाहनगर स्टेशनों का किया गहन निरीक्षण, रेलपथ पर खुद जांचा टो-लोड, 25 मेधावियों को मिली छात्रवृत्ति
लखनऊ। रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने शनिवार को लखनऊ मंडल के ऐशबाग जंक्शन और बादशाहनगर स्टेशनों का गहन निरीक्षण किया। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) गौरव अग्रवाल के साथ पहुंचे महाप्रबंधक ने न केवल यात्री सुविधाओं व विकास कार्यों की प्रगति देखी, बल्कि खुद मेन लाइन पर रेलपथ का टो-लोड परीक्षण कर पटरियों की मजबूती और संरक्षा मानकों की जमीनी हकीकत भी परखी।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने ऐशबाग स्टेशन की मेन लाइन के साथ-साथ अन्य लाइनों पर भी टो-लोड का मापन कराया, ताकि रेलपथ की फिटिंग और मजबूती का सटीक आकलन किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पटरियों का नियमित परीक्षण निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए और संरक्षा में किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए।

पैनल कक्ष से लेकर फायर अलार्म तक की ली सुध
ऐशबाग स्टेशन के केंद्रीकृत पैनल कक्ष पहुंचे महाप्रबंधक ने वीडीयू पैनल, पावर सप्लाई डिस्ट्रीब्यूशन बोर्ड और क्लैम्प पैड लॉक सहित अन्य संरक्षा उपकरणों की कार्यप्रणाली को बारीकी से देखा। इसके बाद उन्होंने आईपीएस व रिले कक्ष का मुआयना किया और आपात स्थिति से निपटने की तैयारी जांचने के लिए फायर अलार्म प्रणाली का परीक्षण भी कराया। उन्होंने उपकरणों के नियमित रखरखाव पर विशेष जोर दिया।

चिकित्सा परिचारिका ने किया मनोरंजन केंद्र का उद्घाटन
निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक ऐशबाग स्थित रेलवे मनोरंजन केंद्र पहुंचे, जहां बच्चों के लिए लगाए गए झूलों व नवीनीकरण कार्यों का अवलोकन किया। रेलकर्मियों के प्रति सम्मान की मिसाल पेश करते हुए महाप्रबंधक व डीआरएम की उपस्थिति में बादशाहनगर की चिकित्सा परिचारिका श्रीमती सलमा सबी खाँ के हाथों इस नवीनीकृत केंद्र का उद्घाटन कराया गया।

इस दौरान कर्मचारी कल्याण निधि के तहत रेलकर्मियों के 25 आश्रित बच्चों को उच्च तकनीकी शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति के चेक सौंपे गए। साथ ही, उत्कृष्ट कार्य के लिए मंडल की 57 महिला रेलकर्मियों को उपहार देकर सम्मानित भी किया गया।

बादशाहनगर में विकास कार्यों को गति देने के निर्देश
कार्यक्रम के अगले चरण में महाप्रबंधक ने बंदरियाबाग स्थित संस्कृति क्लब के नवीनीकरण कार्यों का जायजा लिया। इसके पश्चात उन्होंने बादशाहनगर स्टेशन पहुंचकर वहां मौजूद यात्री सुख-सुविधाओं और चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन), मुख्य परियोजना प्रबंधक (आरएसपी), वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त और वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी सहित मंडल के तमाम आला अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रशांत तिवारी पिछले 11 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह न्यूज़ नाउ नेटवर्क में लखनऊ के स्थानीय संपादक के रूप में कार्यरत हैं। राजनीति और क्राइम से जुड़ी खबरों पर लेखन करना उनकी विशेष रुचि है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी हैं।