
लखनऊ। वृंदावन योजना सेक्टर-15 स्थित डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में चल रहे ‘भारत हस्तशिल्प महोत्सव-2026’ में रविवार को अवकाश के दिन लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट एवं प्रगति इवेंट के संयुक्त तत्वावधान में 24 नवंबर से शुरू हुए इस महोत्सव में चारों ओर उल्लास और उत्सव जैसा माहौल नजर आया।

खरीदारी, किताबों और लजीज व्यंजनों की रही धूम
महोत्सव में पहुंचे लोगों ने परिवार संग जमकर खरीदारी की, जिससे स्टॉल संचालकों के चेहरे खिले रहे। यहां देश के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक हस्तशिल्प उत्पादों के साथ-साथ क्रॉकरी, कारपेट, फर्नीचर, ऊनी शॉल, कंबल, जैकेट और बच्चों के परिधान किफायती दामों पर उपलब्ध हैं।

महोत्सव की रौनक के बीच लगा पुस्तक स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र बना रहा, जहां युवाओं और पाठकों ने अपनी पसंदीदा किताबें खरीदीं। वहीं, फूड जोन में लजीज व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे बैठने की जगह तक कम पड़ गई। इसके अलावा, बच्चों और युवाओं में विभिन्न प्रकार के झूलों को लेकर खासा उत्साह देखा गया।

नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
शाम ढलते ही महोत्सव का सांस्कृतिक मंच नृत्य और संगीत की छटा से गुलजार हो गया। लखनऊ और आसपास के जिलों से आए कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। रविवार को आरोही और सुभाषिनी डांस अकादमी के कलाकारों के साथ-साथ अंकित सिंह, शैली कुशवाहा, लक्ष्मी श्रीवास्तव और पार्थ श्रीवास्तव ने बेहतरीन प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम में ‘नाच बिंदरी डीजे पर’ और ‘माहिया’ पर हुए ऊर्जावान ग्रुप डांस के अलावा पूजा के सोलो डांस ‘सांवरिया’ और कार्तिक की प्रस्तुति ‘मूड है भयंकर’ पर दर्शकों ने खूब तालियां बटोरीं।

कलाकारों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के समापन पर सांस्कृतिक मंच की अध्यक्ष प्रिया पाल ने सभी प्रतिभागी कलाकारों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मंच का सफल संचालन अथर्व और रॉकी ने किया। इस दौरान प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह और उपाध्यक्ष एन.बी. सिंह पूरे समय मौजूद रहकर महोत्सव की व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।

प्रशांत तिवारी पिछले 11 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह न्यूज़ नाउ नेटवर्क में लखनऊ के स्थानीय संपादक के रूप में कार्यरत हैं। राजनीति और क्राइम से जुड़ी खबरों पर लेखन करना उनकी विशेष रुचि है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी हैं।