
लखनऊ/वाराणसी, 24 नवंबर। उत्तर रेलवे (लखनऊ मंडल) के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) सुनील कुमार वर्मा ने मंगलवार को चौखंडी, जंघई और वाराणसी जंक्शन रेलवे स्टेशनों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई और चल रहे निर्माण कार्यों की जमीनी हकीकत परखी तथा लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

चौखंडी में बनेगा नया प्रतीक्षालय, फाटक का भी लिया जायजा
निरीक्षण के क्रम में डीआरएम ने सबसे पहले चौखंडी स्टेशन का दौरा किया। यहां उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या-1, फुट ओवर ब्रिज, शौचालय, स्टेशन मास्टर कक्ष, आईपीएस और बैटरी कक्ष का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्टेशन पर जरूरी मरम्मत कार्य तुरंत पूरे कराए जाएं और यात्रियों की सहूलियत के लिए एक व्यवस्थित प्रतीक्षालय (वेटिंग हॉल) विकसित किया जाए। इसके बाद उन्होंने रेलवे समपार फाटक संख्या 15/सी पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की।

जंघई में यात्री की मांग पर तुरंत एक्शन, लगेंगे कोच पोजिशन बोर्ड
जंघई स्टेशन पहुंचने पर डीआरएम ने प्लेटफॉर्म संख्या 1, 2 और 3 के साथ-साथ प्रतीक्षालय, पूछताछ काउंटर, शौचालय और स्टेशन भवन का जायजा लिया। उन्होंने परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एक यात्री ने डीआरएम के समक्ष प्लेटफॉर्म पर ‘कोच पोजिशन बोर्ड’ लगाए जाने की मांग रखी, जिसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वाराणसी जंक्शन पर परखीं व्यवस्थाएं
दौरे के अंतिम चरण में मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी जंक्शन पहुंचे और वहां की यात्री सुविधाओं एवं अन्य परिचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) बृजेश यादव और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) समर्थ गुप्ता समेत रेल मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रशांत तिवारी पिछले 11 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह न्यूज़ नाउ नेटवर्क में लखनऊ के स्थानीय संपादक के रूप में कार्यरत हैं। राजनीति और क्राइम से जुड़ी खबरों पर लेखन करना उनकी विशेष रुचि है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी हैं।