तीसरी वरीय भारतीय जोड़ी हरिहरन आमसाकरुणन और एमआर अर्जुन ने भी जीता पहला मुकाबला
आठवीं वरीय इंग्लैंड की जोड़ी को हराकर साई प्रतीक-रूबन की गैर-वरीय जोड़ी ने चौंकाया

लखनऊ, खेल। गोमतीनगर स्थित योनेक्स-सनराइज बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में मंगलवार से शुरू हुई सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप के पहले ही दिन भारतीय शटलरों का जलवा देखने को मिला। 2,50,000 अमेरिकी डॉलर इनामी राशि वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की अमोलिका सिंह सिसोदिया व समृद्धि सिंह और श्रुति मिश्रा ने अपनी-अपनी जोड़ियों के साथ शानदार जीत दर्ज कर महिला युगल के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। वहीं, पुरुष युगल में गैर-वरीय भारतीय जोड़ी साई प्रतीक के. और रूबन कुमार रथीनसबपति ने आठवीं वरीय इंग्लैंड की जोड़ी को बाहर का रास्ता दिखाते हुए दिन का सबसे बड़ा उलटफेर किया।
चैंपियनशिप के पहले दिन क्वालीफाइंग राउंड के बाद पुरुष और महिला युगल के कुल 24 मुकाबले खेले गए। महिला युगल के पहले दौर में यूपी की अमोलिका सिंह सिसोदिया और समृद्धि सिंह की जोड़ी ने हमवतन नयना एस. ओएसिस व वर्षिनी विश्वनाथन को एकतरफा मुकाबले में 21-13, 21-11 से मात दी। शुरुआत से ही आक्रामक रहीं यूपी की इन दोनों खिलाड़ियों ने सटीक स्मैश और बेहतरीन कोर्ट कवरेज के दम पर प्रतिद्वंद्वियों को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
इसी वर्ग के एक अन्य मुकाबले में यूपी की श्रुति मिश्रा और मणिपुर की प्रिया कोंजेंगबाम की जोड़ी ने भी अपना दबदबा कायम रखा। बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप 2024 की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीम की सदस्य रहीं श्रुति और प्रिया ने शानदार तालमेल व तेज रिटर्न के सहारे भारत की ही साक्षी गहलावत व दिव्या आर. बालासुब्रह्मण्यम को 21-10, 21-7 से करारी शिकस्त दी। इसके अलावा श्रेया बालाजी व प्रणवी नटराजन तथा मान्या रल्हान व रेशिका उथयोसूरियन की जोड़ियों ने भी दूसरे दौर का टिकट कटाया। हालांकि, यूपी की सोनाली सिंह को निराशा हाथ लगी; उन्हें और उनकी जोड़ीदार रितिका ठाकेर को भारत की ही अदिति भट्ट व श्रावणी वालेकर से तीन गेम तक चले कड़े संघर्ष में 15-21, 21-18, 11-21 से हार झेलनी पड़ी।

पुरुष युगल में भारतीय जोड़ियों का दबदबा
पुरुष युगल में गैर-वरीय भारतीय जोड़ी साई प्रतीक के. और रूबन कुमार रथीनसबपति ने इंग्लैंड के आठवीं वरीय एलेक्स ग्रीन और जैक रस को रोमांचक मुकाबले में 17-21, 22-20, 21-19 से हराकर सनसनी फैला दी। पहला गेम हारने के बाद भारतीय जोड़ी ने गजब का संयम दिखाया और अगले दोनों करीबी गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम किया। वहीं, तीसरी वरीय भारतीय जोड़ी हरिहरन आमसाकरुणन और एमआर अर्जुन ने भी अभिनाश मोहंती व आयुष पटनायक की चुनौती को 21-13, 21-23, 21-9 से पार कर अगले दौर में जगह बनाई। अन्य अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में तीसरी वरीय यूक्रेन की पोलिना बुह्रोवा व येव्हेनिया कांतमिर ने थाईलैंड की ओरनिचा व सबरीना की जोड़ी को 21-16, 21-18 से हराया, जबकि छठी वरीय मलेशियाई जोड़ी लो ज़ी यू व नोराकिला मैसराह रामदान ने भारत की जेनिथ अबेगिल व तारिणी सूरी को मात दी।

क्वालीफायर्स के बाद मुख्य ड्रॉ की तस्वीर साफ
इससे पहले सुबह खेले गए क्वालीफाइंग राउंड के मुकाबलों के बाद मुख्य ड्रॉ की तस्वीर भी साफ हो गई, जिसमें भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा रहा। पुरुष एकल में भारत के शाश्वत दलाल व प्रणय शेट्टीगर के साथ जापान के कू तकाहाशी और इंडोनेशिया के चिको ऑरा द्वी वारदोयो ने मुख्य ड्रॉ में जगह बनाई, जबकि महिला एकल में भारत की तन्वी पात्री व सूर्या चरिश्मा तामिरी, थाईलैंड की यातावीमिन केटक्लिंग और इंडोनेशिया की मुतियारा आयु पुस्पितासारी मुख्य दौर में पहुंचीं। युगल वर्ग में भी भारतीय जोड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया; पुरुष युगल में सूरज गोआला-निकोलस नाथन राज, आर्य ठाकोर-ध्रुव ठाकोर, आशिथ सूर्या-गणेश विट्टलजी और मलेशिया के लाउ यी शेंग-ली यी बो ने क्वालीफाई किया। इसी तरह महिला युगल में रश्मि गणेश-अमृता प्रमुथेश, दीया भीमैया-बारुनी पार्श्वल, नेयसा करियप्पा-प्रवंधिका राघवन व रुचि चहल-लक्षिता जागलान तथा मिश्रित युगल में भारत के मिथिलेश पी. कृष्णन-वर्णा प्रभुआनंद और दिव्यम अरोड़ा-श्रावणी वालेकर के साथ मलेशिया के ली यी बो-हाउ यिन जुआन और इंडोनेशिया के मुहम्मद नवाफ-इंदाह काह्या सारी जमील की जोड़ियां मुख्य ड्रॉ में प्रवेश करने में सफल रहीं।

प्रशांत तिवारी पिछले 11 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह न्यूज़ नाउ नेटवर्क में लखनऊ के स्थानीय संपादक के रूप में कार्यरत हैं। राजनीति और क्राइम से जुड़ी खबरों पर लेखन करना उनकी विशेष रुचि है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी हैं।