LIVE --
🌤 Loading...
LIVE

लखनऊ फाल्कन्स ने नोएडा किंग्स को 3 विकेट से हराया, अभि नंदन सिंह बने प्लेयर ऑफ द मैच

लखनऊ फाल्कन्स ने नोएडा किंग्स को 3 विकेट से हराया, अभि नंदन सिंह बने प्लेयर ऑफ द मैच

Spread the love

लखनऊ, 17 अगस्त: इकाना स्टेडियम में सोमवार शाम खेले गए यूपी टी20 लीग सीजन-4 के छठे मुकाबले में लखनऊ फाल्कन्स ने बेहद रोमांचक मुकाबले में नोएडा किंग्स को 3 विकेट से हरा दिया। 137 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की टीम ने 19.2 ओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ मुकाबले में लखनऊ फाल्कन्स के बल्लेबाजों ने दबाव के बीच संयम दिखाया, जबकि गेंदबाजों ने भी नोएडा किंग्स की पारी को 136 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई।

मुकाबले का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने पारंपरिक रूप से घंटा बजाकर किया। इस दौरान यूपी टी20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह तथा आयोजन समिति के सदस्य मोहनलाल अग्रवाल और फैसल शेरवानी भी मौजूद रहे।

लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लखनऊ के तेज गेंदबाज अभि नंदन सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए नोएडा किंग्स की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उन्होंने 4 विकेट लेकर नोएडा के बल्लेबाजों को लगातार दबाव में रखा। नवनीत कुमार ने भी प्रभावी गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए। नोएडा किंग्स की टीम एक समय 48 रन पर अपने 5 विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद बॉबी यादव और कार्तिक सिद्धू ने आठवें विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन पूरी टीम 20 ओवर में 136 रन पर ऑलआउट हो गई।

137 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स को भी शुरुआती दौर में झटके लगे। इसी बीच यूपी क्रिकेट एसोसिएशन के ‘स्पीड हंट’ ट्रायल से निकले युवा तेज गेंदबाज शुभम गौतम ने अपनी गेंदबाजी से खासा प्रभाव छोड़ा। उन्होंने 3 विकेट लेकर लखनऊ के बल्लेबाजों पर दबाव बनाया। हालांकि विकेटकीपर बल्लेबाज आराध्य यादव ने जिम्मेदारी संभाली और 42 गेंदों पर 51 रनों की महत्वपूर्ण अर्धशतकीय पारी खेलकर लखनऊ की पारी को स्थिरता दी।

मुकाबला उस समय और रोमांचक हो गया जब 16वें ओवर में शुभम गौतम ने लगातार दो गेंदों पर आराध्य यादव और अली जफर मोहसिन को आउट कर दिया। इन विकेटों के बाद नोएडा किंग्स की टीम मुकाबले में वापसी करती नजर आई और लखनऊ पर दबाव बढ़ गया। लेकिन समीर चौधरी ने संयम बनाए रखा। उन्होंने 19 गेंदों पर नाबाद 28 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली और टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। आखिरकार लखनऊ फाल्कन्स ने 19.2 ओवर में 137 रन बनाकर 3 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज कर ली।

नोएडा किंग्स की ओर से 20 ओवर में 136 रन का स्कोर बनाया गया, जबकि लखनऊ फाल्कन्स ने 19.2 ओवर में 137/7 रन बनाकर लक्ष्य हासिल किया। लखनऊ की जीत में आराध्य यादव के 51 और समीर चौधरी के नाबाद 28 रन अहम रहे। वहीं नोएडा की पारी को समेटने में अभि नंदन सिंह के 4/30 और नवनीत कुमार के 3/33 ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शुभम गौतम ने लखनऊ की पारी के दौरान 3/22 का प्रभावी स्पेल डाला।

शानदार गेंदबाजी के लिए लखनऊ फाल्कन्स के अभि नंदन सिंह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। मुकाबले में अभि नंदन सिंह की धारदार गेंदबाजी, शुभम गौतम का प्रभावी स्पेल और अंत में समीर चौधरी की संयमित बल्लेबाजी ने मैच को रोमांचक बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *