लखनऊ, 19 अगस्त। यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के रोमांचक मुकाबले में लखनऊ फाल्कन्स के 183 रन के मजबूत स्कोर पर मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह की विस्फोटक बल्लेबाजी भारी पड़ गई। बारिश से प्रभावित मुकाबले में रिंकू सिंह ने दबाव के बीच महज 24 गेंदों पर नाबाद 55 रन की तूफानी पारी खेली और मेरठ को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) पद्धति से पांच रन से जीत दिला दी। रिंकू को उनकी मैच जिताऊ पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट खोकर 183 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज मोहम्मद सैफ ने 32 गेंदों पर 45 रन की तेज पारी खेली। इसके बाद अजीत वर्मा ने 37 गेंदों पर 53 रन बनाकर लखनऊ के स्कोर को मजबूती दी। अजीत की पारी में आठ चौके और एक छक्का शामिल रहा। दोनों बल्लेबाजों की उपयोगी पारियों की बदौलत लखनऊ ने 180 रन के पार पहुंचकर मेरठ के सामने 184 रन का लक्ष्य रखा। मेरठ की ओर से जीशान अंसारी और विजय कुमार ने दो-दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मावेरिक्स की शुरुआत आक्रामक रही, लेकिन टीम को जल्द ही झटके भी लगे। स्वास्तिक चिकारा ने भुवनेश्वर कुमार की गेंदों पर लगातार दो चौके लगाए, लेकिन अगली ही गेंद पर वह विप्रज निगम के हाथों कैच आउट हो गए। इसके बाद अभिनंदन सिंह ने रितुराज शर्मा और अक्षय दुबे को आउट कर मेरठ की मुश्किलें बढ़ा दीं। एक समय मेरठ का स्कोर 22 रन पर तीन विकेट हो गया था।
इसके बाद दिव्यांश जोशी और दिव्यांश राजपूत ने 52 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला। हालांकि दोनों के लगातार आउट होने के बाद मेरठ फिर दबाव में आ गया। टीम को अंतिम पांच ओवर में 59 रन की जरूरत थी। ऐसे समय में कप्तान रिंकू सिंह ने मोर्चा संभाला और 15वें ओवर में अभिनंदन सिंह के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 19 रन बटोरकर मुकाबले का रुख बदल दिया।
इसी दौरान बारिश ने मैच में नया मोड़ ला दिया। मुकाबला DLS पद्धति के निर्धारित स्कोर की होड़ में पहुंच गया। 16.3 ओवर के बाद मेरठ निर्धारित DLS स्कोर से पीछे था, लेकिन रिंकू सिंह ने दबाव की परवाह किए बिना छक्का जड़कर टीम को आगे कर दिया। इसके बाद उन्होंने नवनीत कुमार के 17वें ओवर में सिर्फ पांच गेंदों पर 26 रन ठोक दिए। रिंकू के इस विस्फोटक ओवर ने मेरठ को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया।
मेरठ मावेरिक्स ने 16.5 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 154 रन बना लिए थे और DLS के निर्धारित स्कोर से पांच रन आगे निकल चुकी थी। इसके तुरंत बाद बारिश तेज हो गई और अंपायरों ने खेल रोक दिया। लगातार बारिश के कारण मुकाबला दोबारा शुरू नहीं हो सका। निर्धारित DLS स्कोर के आधार पर मेरठ मावेरिक्स को पांच रन से विजेता घोषित किया गया।
मैच की शुरुआत लखनऊ कमिश्नरेट के जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस बबलू कुमार ने पारंपरिक घंटा बजाने की रस्म के साथ की। उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी मंच है। वहीं यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग का उद्देश्य उत्तर प्रदेश की क्रिकेट प्रतिभाओं को उच्च स्तर का मंच उपलब्ध कराना और प्रदेश में क्रिकेट के माहौल को मजबूत करना है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, मीडिया संयोजक अहमद अली खान तालिब, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, बहराइच जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव इशरत कमाल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बारिश के कारण मैच का परिणाम भले ही DLS पद्धति से निकला, लेकिन मुकाबले का सबसे बड़ा आकर्षण रिंकू सिंह की दबाव में खेली गई आक्रामक पारी रही। लखनऊ के बल्लेबाजों की मेहनत से बने 183 रन के स्कोर को रिंकू के तूफान ने फीका कर दिया और मेरठ मावेरिक्स ने रोमांचक जीत अपने नाम कर ली।

News Now Network deliver fast, accurate local news coverage, daily sports updates, and official press releases. Admin