LIVE --
🌤 Loading...
LIVE

रेल संरक्षा और यात्री सुविधाओं की हकीकत परखने उतरे एनईआर जीएम

एनईआर जीएम ने परखी ऐशबाग व बादशाहनगर स्टेशनों की संरक्षा

लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने शनिवार को डीआरएम गौरव अग्रवाल के साथ ऐशबाग जंक्शन और बादशाहनगर स्टेशनों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ऐशबाग की मेन लाइन पर रेलपथ का टो-लोड परीक्षण करने के साथ ही पैनल कक्ष, रिले कक्ष व फायर अलार्म प्रणाली की जांच कर संरक्षा मानकों का जायजा लिया। इसके अलावा, उन्होंने बादशाहनगर की चिकित्सा परिचारिका सलमा सबी खाँ के हाथों नवीनीकृत रेलवे मनोरंजन केंद्र का उद्घाटन कराया, जहां 25 मेधावी आश्रित बच्चों को छात्रवृत्ति के चेक और 57 महिला रेलकर्मियों को सम्मानित किया गया। अंत में जीएम ने बंदरियाबाग के संस्कृति क्लब और बादशाहनगर स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

गर्भावस्था में मधुमेह की अनदेखी जच्चा-बच्चा दोनों के लिए घातक: प्रो. धीमन

विश्व मधुमेह दिवस 2026: गर्भावस्था में मधुमेह के प्रति सतर्कता जरूरी!

लखनऊ, 14 नवंबर। विश्व मधुमेह दिवस पर शनिवार को एसजीपीजीआई, लखनऊ के एंडोक्रिनोलॉजी और पीडियाट्रिक एंडोक्रिनोलॉजी विभागों द्वारा ‘गर्भकालीन मधुमेह (GDM)’ पर एक विशेष वैज्ञानिक सत्र (CME) का आयोजन किया गया।
इस वर्ष की थीम ‘मधुमेह में शीघ्र व त्वरित कार्रवाई’ के तहत संस्थान के निदेशक पद्मश्री प्रो. आर. के. धीमन ने जच्चा-बच्चा के सुरक्षित स्वास्थ्य के लिए समय पर जांच और उचित उपचार पर बल दिया। सत्र में विशेषज्ञों ने नवीनतम स्क्रीनिंग प्रोटोकॉल, संतुलित आहार, जीवनशैली प्रबंधन और नवजात शिशु की देखभाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। तीन दिवसीय जागरूकता अभियान का समापन रविवार को वॉकथॉन के साथ होगा।

तनाव मुक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा के लिए अयोध्या धाम पहुंचे 54 रेलकर्मी

तनाव मुक्ति के लिए 54 रेलकर्मियों ने किया अयोध्या भ्रमण
लखनऊ। कार्यस्थल के तनाव को कम करने और कर्मचारियों में नई ऊर्जा का संचार करने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल द्वारा शुक्रवार को एकदिवसीय ‘अयोध्या भ्रमण शिविर’ का आयोजन किया गया। डीआरएम गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में कर्मचारी कल्याण निधि के तहत आयोजित इस यात्रा में 54 रेलकर्मियों ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन किए और हनुमानगढ़ी, लता मंगेशकर चौक तथा सरयू तट स्थित रामघाट का भ्रमण किया। इस अवसर पर डीआरएम ने कहा कि ऐसे कल्याणकारी आयोजनों से कर्मचारियों को मानसिक सुकून मिलता है तथा आपसी समन्वय और टीम भावना मजबूत होती है।

अयोध्या धाम और कैंट स्टेशनों की बदलेगी सूरत, डीआरएम ने परखीं यात्री सुविधाएं

डीआरएम ने परखीं अयोध्या स्टेशनों की यात्री सुविधाएं
अयोध्या/लखनऊ, ब्यूरो। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने गुरुवार को वरिष्ठ अधिकारियों संग लखनऊ–अयोध्या–कटरा रेलखंड का निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रैक सुरक्षा और कटरा स्टेशन की परिचालन व्यवस्था जांची। इसके बाद अयोध्या धाम स्टेशन पर सफाई, होल्डिंग एरिया व यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। अंत में अयोध्या कैंट में नई वाशिंग लाइन, एसटीपी व कोचिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे करने के निर्देश दिए।

छठ पर्व को लेकर रेलवे अलर्ट: डीआरएम ने लखनऊ-गोंडा रेलखंड और गोंडा स्टेशन का किया गहन निरीक्षण

लखनऊ/गोंडा। छठ पर्व पर विशेष ट्रेनों के सुरक्षित संचालन और यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के डीआरएम गौरव अग्रवाल ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ लखनऊ-गोंडा रेलखंड का ‘विंडो ट्रेलिंग’ और गोंडा स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या-6 के सुधार कार्यों, यार्ड के पॉइंट संख्या 321A की संरक्षा, स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, खानपान स्टॉल, वॉटर वेंडिंग मशीन और पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही डीआरएम ने गोंडा रेलवे अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और रेलवे कॉलोनी में आवासों के मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस मौके पर मंडल के वरिष्ठ शाखाधिकारी, स्टेशन अधीक्षक व रेल कर्मचारी मौजूद रहे।

आधुनिक तकनीक से जुड़ेगी भारतीय ज्ञान परंपरा, उपनिषदों का होगा डिजिटलीकरण

लखनऊ स्थित बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में कुलपति आचार्य राज कुमार मित्तल की अध्यक्षता और डॉ. बिपिन कुमार झा के समन्वय में भारतीय ज्ञान परंपरा व संस्कृत को आधुनिक तकनीक से जोड़ने वाली तीन राष्ट्रीय शोध परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस हाइब्रिड मंथन में देश के सात प्रतिष्ठित संस्थानों (जैसे जेएनयू और लखनऊ विश्वविद्यालय) के विशेषज्ञों ने सीएसटीटी (CSTT) द्वारा प्रायोजित त्रिभाषी वैज्ञानिक शब्दावली निर्माण, यूजीसी (UGC) के तहत ‘स्वयं’ पोर्टल के लिए संस्कृत-अंग्रेजी में तैयार सौन्दर्यशास्त्र के 40 ई-मॉड्यूल, और केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय (CSU) के सहयोग से उपनिषदों के डिजिटलीकरण व प्राचीन शिक्षण प्रविधियों के आधुनिक उपयोग की प्रगति पर विस्तार से चर्चा कर इन परियोजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने के सुझाव दिए।