LIVE --
🌤 Loading...
LIVE

देवेश की नाबाद अर्धशतकीय पारी से टाइम्स ऑफ इंडिया सेमीफाइनल में

देवेश की नाबाद अर्धशतकीय पारी से टाइम्स ऑफ इंडिया सेमीफाइनल में

IMG 20261121 WA0033
Spread the love

संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में अमर उजाला को नौ विकेट से दी शिकस्त

लखनऊ, खेल । राजीव श्रीवास्तव की धारदार गेंदबाजी और सलामी बल्लेबाज देवेश पांडेय की आतिशी अर्धशतकीय पारी की बदौलत टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। शनिवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टाइम्स ऑफ इंडिया ने अमर उजाला को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी। यह टूर्नामेंट में टाइम्स ऑफ इंडिया की लगातार दूसरी जीत है।

उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट एसोसिएशन (यूपीएसजेए) के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में अमर उजाला की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.3 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। टाइम्स ऑफ इंडिया के गेंदबाजों के सामने अमर उजाला का शीर्ष क्रम पूरी तरह लड़खड़ा गया और टीम ने महज 33 रन के स्कोर पर अपने पांच महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। अमर उजाला की ओर से अनुराग बाजपेयी (23), अनुज कुमार (22) और शुभम बंसल (11) ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। टाइम्स ऑफ इंडिया की तरफ से राजीव श्रीवास्तव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके, जबकि इश्तियाक रजा और मोहसिन उस्मानी ने दो-दो खिलाड़ियों को पवेलियन की राह दिखाई।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी टाइम्स ऑफ इंडिया की टीम ने बेहद आक्रामक शुरुआत की और 13.5 ओवर में महज एक विकेट खोकर 115 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। सलामी बल्लेबाज देवेश पांडेय ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट्स लगाए और 45 गेंदों पर 12 चौकों व एक छक्के की मदद से नाबाद 77 रन ठोके। दूसरे छोर पर अब्बास रिजवी ने भी उनका बखूबी साथ निभाया और 36 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 36 रन बनाए। दोनों सलामी बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए हुई 106 रनों की शतकीय साझेदारी ने मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। अमर उजाला के लिए एकमात्र सफलता राजीव आनंद को मिली।

मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी करने वाले देवेश पांडेय को वरिष्ठ खेल पत्रकार अनंत मिश्रा ने ‘मैन ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से नवाजा। टूर्नामेंट के अगले दौर में रविवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम में दूरदर्शन और दैनिक जागरण की टीमों के बीच मुकाबला खेला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *