सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल बैडमिंटन: मिश्रित युगल में सात्विक-रेशिका ने भी कटाया अंतिम चार का टिकट
लखनऊ, खेल। गोमतीनगर स्थित योनेक्स-सनराइज बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में चल रही 2,50,000 अमेरिकी डॉलर इनामी राशि वाली सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल (एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300) बैडमिंटन चैंपियनशिप में शुक्रवार को भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में जीत दर्ज कर उन्नति हुड्डा और तन्वी शर्मा ने सेमीफाइनल में स्थान पक्का कर लिया है। वहीं, गत चैंपियन गायत्री गोपीचंद और त्रिशा जॉली की जोड़ी वॉकओवर मिलने से महिला युगल के अंतिम चार में पहुंच गई, जबकि मिश्रित युगल में सात्विक रेड्डी कन्नपुरम और रेशिका ने भी सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया।

महिला एकल के बेहद रोमांचक क्वार्टर फाइनल में तीसरी वरीय भारत की उन्नति हुड्डा ने हमवतन अनमोल खरब को एक घंटे 17 मिनट तक चले मैराथन मुकाबले में 21-19, 15-21, 21-18 से शिकस्त दी। दोनों खिलाड़ियों के बीच एक-एक अंक के लिए कड़ा संघर्ष चला, लेकिन निर्णायक क्षणों में उन्नति ने संयम दिखाते हुए बाजी मार ली। इसी वर्ग के दूसरे मुकाबले में दूसरी वरीय तन्वी शर्मा ने इंडोनेशिया की एनकेडीए प्रतिवी की कड़ी चुनौती को एक घंटे तीन मिनट में 21-19, 18-21, 21-14 से ध्वस्त किया।

अब शनिवार को होने वाले सेमीफाइनल में उन्नति और तन्वी आमने-सामने होंगी, जिससे भारत का एक पदक पक्का हो गया है। हालांकि, एक अन्य क्वार्टर फाइनल में शीर्ष वरीय जापान की रिको गुंजी ने भारत की तस्नीम मीर को सीधे गेम में 21-11, 21-11 से हराकर बाहर कर दिया। महिला एकल के एक अन्य मैच में चौथी वरीय थाईलैंड की सुपानिदा कटेथोंग ने मलेशिया की वांग लिंग चिंग को 21-13, 21-13 से हराया।
महिला युगल में शीर्ष वरीय और गत विजेता भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली को बिना कोर्ट पर उतरे ही जीत मिल गई। उनकी प्रतिद्वंद्वी सातवीं वरीय फ्रांस की मार्गोट लैम्बर्ट व केमिली पोगनैंट बीमारी के कारण मुकाबले से हट गईं। सेमीफाइनल में गायत्री-त्रिशा का सामना यूक्रेन की तीसरी वरीय पोलिना बुह्रोवा व येव्हेनिया कांतमिर से होगा, जिन्होंने भारत की आठवीं वरीय अश्विनी भट्ट व शिखा गौतम को 45 मिनट तक चले संघर्षपूर्ण मैच में 13-21, 21-12, 22-20 से हराया। उधर, मिश्रित युगल में भारत के सात्विक रेड्डी कन्नपुरम व रेशिका की जोड़ी ने एकतरफा खेल दिखाते हुए हमवतन विराज कुवले व रुतुपर्णा पांडा को सीधे गेम में 21-8, 21-14 से करारी मात दी। इसी वर्ग के अन्य मुकाबलों में इंडोनेशिया के जफर हिदायतुल्लाह व रिजिंनी ने दूसरी वरीय इंग्लैंड के कैलम हेमिंग व एस्टेल वैन लीवन को 21-8, 21-14 से हराकर उलटफेर किया। इसके अलावा पांचवीं वरीय इंडोनेशिया के रेहान नौफल कुशरजैंतो व मेलाती देवा ओक्तविअंती ने तीसरी वरीय स्कॉटलैंड के अलेक्जेंडर डन व जूली मैकफेरसन को 21-17, 21-19 से तथा मलेशिया के वी यी हर्न व वैनी गोबी ने इंडोनेशिया के एम. नवफ व इंदाह सारी को 21-15, 21-14 से शिकस्त दी।
पुरुष एकल और युगल में शुक्रवार का दिन भारत के लिए निराशाजनक रहा। पुरुष एकल में इंडोनेशिया के प्रदिस्का बागास शुजीवो ने भारत के तुषार सुवीर को तीन सेट के रोमांचक मैच में 19-21, 21-19, 21-9 से हराया। अन्य मुकाबलों में चौथी वरीय इंडोनेशिया के रिची दुता रिचार्डो ने सातवीं वरीय कोरिया के जियोन ह्योक-जिन को 21-16, 21-14 से और चीनी ताइपे के जी यिंग वू ने जापान के कू ताकाहाशी को 21-17, 28-26 से हराया। वहीं, छठीं वरीय फ्रांस के अर्नौड मर्केल जब दूसरी वरीय मलेशिया के ली ज़ी जिया के खिलाफ 21-16, 11-6 से आगे थे, तब मलेशियाई खिलाड़ी ने चोट के कारण मैच छोड़ दिया। पुरुष युगल में शीर्ष वरीय इंडोनेशिया के रेमंड इंद्र व निकोलौस जोकिन ने भारत के साई प्रतीक के. व रूबन कुमार आर. को 20-22, 21-13, 21-9 से मात दी। इसके अलावा, सातवीं वरीय इंडोनेशियाई जोड़ी चालोएमपोन चारोएनकिटामोर्न व वोरापोल थोंगसा-नगा ने तीसरी वरीय भारत के हरिहरन आमसाकरुणन व एम.आर. अर्जुन को 10-21, 21-12, 21-13 से हराकर उलटफेर किया। इस वर्ग के अन्य मुकाबलों में कोरिया के ना सुंग संग व वांग चान ने छठीं वरीय चीनी ताइपे के लाई पो-यू व त्साई फू-चेंग को 23-21, 21-14 से हराया, जबकि दूसरी वरीय थाईलैंड के पीराचाई सुकफुन व पक्कापोन टीरारतसाकु को चीनी ताइपे की जोड़ी के चोटिल होने के कारण वॉकओवर मिला।

प्रशांत तिवारी पिछले 11 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह न्यूज़ नाउ नेटवर्क में लखनऊ के स्थानीय संपादक के रूप में कार्यरत हैं। राजनीति और क्राइम से जुड़ी खबरों पर लेखन करना उनकी विशेष रुचि है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी हैं।