बीबीएयू में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन के दूसरे दिन प्रदेश के 36 जिलों के अधिकारियों ने साझा किए अनुभव
गोमती की सहायक नदियों पर अतिक्रमण और हिमालयी क्षेत्रों में अनियंत्रित निर्माण पर विशेषज्ञों ने जताई चिंता

लखनऊ, 20 नवंबर। बड़ी नदियों के अस्तित्व को बचाए रखने के लिए छोटी नदियों और जलधाराओं का पुनरुद्धार अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए केवल सरकारी प्रयास काफी नहीं हैं, बल्कि मजबूत कानूनी प्रावधान, प्रभावी शासन व्यवस्था और व्यापक जनभागीदारी की दरकार है। शुक्रवार को बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) लखनऊ में ‘लघु नदियों के पुनरुद्धार’ पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के समापन सत्र में इस मुद्दे पर चर्चा हुई।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के संरक्षण तथा पर्यावरण विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. वेंकटेश दत्ता के मार्गदर्शन में आयोजित इस सम्मेलन के दूसरे दिन उत्तर प्रदेश के 36 जिलों से आए जिला परियोजना अधिकारियों (DPOs) ने शिरकत की। अधिकारियों ने अपने-अपने जिलों में नदियों को पुनर्जीवित करने के लिए चल रही पहलों, उपलब्धियों और जमीनी चुनौतियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया।
विक्रम-बेताल के संवाद से समझाई गोमती की व्यथा
सत्र के दौरान आकाशवाणी की पूर्व निदेशक एवं ब्लू ड्रॉप फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. मीनू खरे ने आरजे शोभित के साथ मिलकर ‘विक्रम-बेताल’ की कहानी पर आधारित एक अनूठी और रोचक प्रस्तुति दी। इस नाट्य-संवाद के जरिए उन्होंने गोमती की सहायक नदियों की बदहाली, उन पर होते अतिक्रमण, रियल एस्टेट के बढ़ते दबाव और स्थानीय हितधारकों की उदासीनता पर करारा प्रहार किया।
कानूनी ढांचे और सामुदायिक सहकारिता पर जोर
सर्वोच्च न्यायालय के विधि विशेषज्ञ एवं जल कानून जानकार डॉ. अवधेश प्रताप ने देश में जल साक्षरता की कमी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मौजूदा कानूनी ढांचे की खामियों को दूर करते हुए बाढ़ क्षेत्रों (फ्लड प्लेन) के संरक्षण और नदी क्षेत्र के पुनर्जीवन के लिए कड़े कानून बनाना समय की मांग है। वहीं, काम कनकदुर्गा एजुकेशन एंड कंसल्टेंसी सर्विसेज की प्रबंध निदेशक कामना झा ने बिहार के सफल उदाहरणों के हवाले से सामुदायिक सहभागिता और सामूहिक जिम्मेदारी को नदी संरक्षण की कुंजी बताया।
हिमालय से लेकर पूर्वांचल तक की नदियों पर मंथन
हिमालय भागीरथी आश्रम से आए सुरेश भाई ने गंगा के अविरल प्रवाह में छोटी हिमालयी जलधाराओं के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने केदारनाथ की त्रासदी और धराली भूस्खलन का जिक्र करते हुए पहाड़ों में अनियंत्रित निर्माण को पारिस्थितिकी के लिए घातक बताया। इसके अलावा, डॉ. पवन कुमार सिंह ने आजमगढ़ क्षेत्र की नदियों के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बांधों, अतिक्रमण और सूखते जल निकायों के खतरों से आगाह किया, जबकि कपेंद्र तिवारी ने गंगा रक्षक आंदोलन के अनुभव साझा किए।

चार प्रमुख बिंदुओं पर तैयार हुआ रोडमैप
सम्मेलन में आयोजित सामूहिक गतिविधि के दौरान प्रतिभागियों ने चार अलग-अलग समूहों में बंटकर नदी पुनर्जीवन का व्यावहारिक रोडमैप तैयार किया। इसमें कानून, नीति एवं शासन; सामुदायिक जागरूकता; नदी पुनरुद्धार के लिए वित्तीय व्यवस्था और जैव विविधता संरक्षण जैसे अहम विषयों पर गहन मंथन किया गया। विशेषज्ञों ने उम्मीद जताई कि इस सम्मेलन से निकले सुझाव उत्तर प्रदेश में चल रहे नदी पुनर्जीवन अभियानों को नई दिशा देंगे।

प्रशांत तिवारी पिछले 11 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह न्यूज़ नाउ नेटवर्क में लखनऊ के स्थानीय संपादक के रूप में कार्यरत हैं। राजनीति और क्राइम से जुड़ी खबरों पर लेखन करना उनकी विशेष रुचि है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी हैं।