लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में यूपी T20 लीग के चौथे सीजन का भव्य उद्घाटन किया। इस मौके पर बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना, युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, यूपी T20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर और एमएलसी महेंद्र सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 25 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि यूपी T20 लीग प्रदेश के युवाओं को अपनी क्रिकेट प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच दे रही है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि फिट युवा ही देश के भविष्य को मजबूत बनाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश को जोड़ने के लिए छह फ्रेंचाइजी टीमें पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक क्रिकेट का नया नेटवर्क तैयार कर रही हैं।
बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि यूपी T20 लीग का चौथा सीजन स्थानीय खिलाड़ियों और क्रिकेट से जुड़े सपोर्ट स्टाफ के लिए बड़ा अवसर है। लीग के जरिए 250 से अधिक युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह के मंच भविष्य में आईपीएल और भारतीय क्रिकेट टीम के लिए नए सितारे तैयार करेंगे।

उद्घाटन समारोह में मनोरंजन और देशभक्ति का भी शानदार संगम देखने को मिला। पंजाबी गायिका जैस्मिन सैंडलस ने अपनी दमदार प्रस्तुति से दर्शकों में जोश भर दिया। इसके बाद मशहूर गायक और संगीतकार शंकर महादेवन ने अपने बेटों सिद्धार्थ और शिव महादेवन के साथ प्रस्तुति दी। शिव तांडव स्तोत्रम और देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने स्टेडियम का माहौल पूरी तरह रोमांचित कर दिया।
समारोह का प्रमुख आकर्षण ड्रोन लाइट शो रहा, जिसमें आसमान में यूपी T20 लीग का लोगो, फ्रेंचाइजी टीमों के लोगो, चैंपियनशिप ट्रॉफी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर और भारतीय तिरंगे की भव्य आकृति दिखाई गई। इसके साथ शानदार आतिशबाजी ने उद्घाटन समारोह को यादगार बना दिया।
उद्घाटन समारोह के बाद डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्रास और पूर्व चैंपियन मेरठ मावेरिक्स के बीच सीजन का पहला मुकाबला खेला गया। 24 दिनों तक चलने वाली इस लीग में कुल 34 मुकाबले होंगे। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 26 अगस्त तक शुरुआती मुकाबले खेले जाएंगे, जिसके बाद टूर्नामेंट कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम पहुंचेगा। यहीं प्लेऑफ मुकाबलों के साथ 6 सितंबर को सीजन-4 का ग्रैंड फिनाले खेला जाएगा।

News Now Network deliver fast, accurate local news coverage, daily sports updates, and official press releases. Admin










